कल सक्रिय होगा एक और पश्चिमी विक्षोभ, शहर में अभी दस्तक नहीं देगी ठंडक

लोकमतसत्याग्रह/अक्टूबर महीने में मई जैसी गर्मी झेल रहे शहर के लोगों को अभी राहत नहीं मिलेगी। जम्मू-कश्मीर में आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले आठ दिनों से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। पारा औसत से अधिक बना हुआ है, वहीं दिन का तापमान 36 डिग्री पर चल रहा है। अब शुक्रवार से जम्मू-कश्मीर में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते मौसम में गर्माहट बरकरार रहेगी। उत्तर-पश्चिमी हवाएं थमी रहने के कारण शहर के मौसम में अभी ठंडक घुलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार विक्षोभ का असर समाप्त होने पर तेजी से पारे में गिरावट हो सकती है।

ठंड का इंतजार, लेकिन मौसम हो रहा है गर्म

मानसून की विदाई के बाद लोगों को ठंड का इंतजार था। उम्मीद थी कि अक्टूबर में गुलाबी सर्दी दस्तक देना शुरू करेगी, लेकिन जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उलटा असर हुआ। 24 से 48 घंटों तक उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलीं, तो रात का पारा 17.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था लेकिन तापमान नीचे जाने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को भी आसमान साफ रहने के कारण तेज धूप खिली रही। इसके अलावा रात के समय हवाएं थमने के कारण न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर व पाकिस्तान के इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा का रुख बदला हुआ है। इस कारण तापमान बढ़कर सामान्य से ऊपर पहुंच रहा है। 13 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके चलते फिलहाल तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। दिन का तापमान कुछ दिन स्थिर बना रहेगा, लेकिन उसके बाद यह भी गिरना शुरू हो जाएगा। इससे शहर में सर्दी का आगमन होगा।

Leave a comment