लोकमतसत्याग्रह/केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि हमारा विरोध कांग्रेस से नहीं है बल्कि वर्तमान में देश की तोड़ने वाली व सनातन धर्म का नाश करने का सोच रखने वाली मनोवृत्ति का है। सोमवार को पूरा देश दुर्गानवमी पर आदिशक्ति की आराधना करते हुये कन्या पूजन कर रहा था, भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कई स्थानों पर कन्या पूजन किया।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इसे नोटंकी बताकर एक बार फिर अपनी मानसिकता का उजागर किया है। मंत्री तोमर ने यह बात स्टेशन के पास स्थि होटल एंबियस में संभागीय मीडिया कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुये कही। इस अवसर पर पूर्व मंत्री माया सिंह, जयभान सिंह पवैया, नारायण सिंह कुशवाह, प्रधुम्न सिंह तोमर प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल व नवनियुक्त संभागीय मीडिया प्रभारी राजलखन मौजूद थे।
उपलब्धियों की बजाय असत्य पर चुनाव लड़ रही कांग्रेस
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज अधर्म पर धर्म की विजय का पर्व है। लोकतंत्र का धर्मयुद्ध शुरू हो गया है। विश्व की सभी बड़ी राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चुनावी समर में मोर्चा संभाल लिया है। जीत धर्म की तय है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुये कहा कि 2003 से पहले प्रदेश में और 2014 से पहले केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। चुनाव में कांग्रेस अपनी सरकारों को उपलब्धियां नहीं गिना पा रही है क्योंकि उपलब्धियों के नाम पर उसकी झोली खाली है।
तोमर ने कहा कि कांग्रेस शासन काल में अंधोसंरचना का कार्य थम सा गया था। कांग्रेस असत्य और अधर्म का सहारा लेकर सरकार बनाने का सपना देख रही है। टिकट को लेकर मचे घमासान पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा में उम्मीदवारी के लिए जीत के पात्र एक नहीं कई दावेदार थे, किंतु टिकट एक को ही मिलता है। जब उम्मीदें टूटती हैं, तो नाराजगी होती है। किंतु अब कोई नाराज नहीं हैं। सब पार्टी को जीतने के लिये एक जुट हैं।
मीडिया फ्रेंडली सेंटर होगा
केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेन्द्र सिंह तोमर ने मीडिया सेंटर के बारे में बताया कि यह मीडिया सेंटर ही नहीं बल्कि फ्रेंडली सेंटर होगा। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने जनकल्याण के जो काम किए हैं, उन्हें मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने का काम यह मीडिया सेंटर करेगा।


