दीपावली पर अतिरिक्त फेरे लगाएंगे कचरा वाहन, संख्या भी बढ़ाई जाएगी

लोकमतसत्याग्रह/दीपावली के मौके पर घरों से निकलने वाले अतिरिक्त कचरे को एकत्रित कर लैंडफिल साइट तक पहुंचाने के लिए अब टिपर वाहन अतिरिक्त फेरे लगाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रात के समय कचरे के ढेरों को उठवाने के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। यहां डंपर व जेसीबी जैसे अतिरिक्त वाहन बढ़ाए जाएंगे। सोमवार को नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह के निर्देश पर निगम उपायुक्त स्वच्छ भारत मिशन अमरसत्य गुप्ता ने स्वच्छता कार्य से जुड़े अमले की बैठक लेकर दीपावली पर साफ-सफाई के लिए कार्ययोजना तैयार की।

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिए कि डिपो से वाहन समय पर निकलें। कचरा ट्रांसफर स्टेशनों पर डोर-टू-डोर टिपर वाहनों को जल्द से जल्द खाली कर उन्हें वापस फील्ड में भेजें, जिससे अधिक से अधिक कचरा एकत्रित किया जा सके। वहीं मैदानी अमले को ज्यादा देर तक कार्य करने के निर्देश दिए हैं। दीपावली के समय प्रत्येक घर में सफाई कार्य होने के चलते प्रतिदिन शहर से कचरा निकलने की मात्रा में 300 से 400 टन की वृद्वि हो जाती है, इसके चलते उपायुक्त ने व्यावसायिक क्षेत्रों में रात्रि में भी सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं स्वच्छता अमले के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह प्रतिदिन सफाई कार्य की निगरानी करें। दीपावली पर कचरे की मात्रा को देखते हुए तीनों विधानसभा क्षेत्र में रात के समय दो-दो डंपर एवं एक-एक जेसीबी अतिरिक्त लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कचरे की ज्यादा मात्रा को देखते हुए सभी वाहन अतिरिक्त चक्कर लगाएंगे। बैठक में नोडल अधिकारी केदारपुर प्लांट महेंद्र प्रसाद अग्रवाल, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डा. वैभव श्रीवास्तव और अनुज शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी, किशोर चौहान, अजय ठाकुर आदि मौजूद थे।

निगम चलाएगा अभियान, मनाई जाएगी स्वच्छ दीपावली-शुभ दीपावली

स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत देशभर में स्वच्छ दीपावली-शुभ दीपावली अभियान संचालित किया जा

रहा है। इसके तहत सात से 12 नवंबर तक सिंगल यूज प्लास्टिक को ना कहना संबंधी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। निगमायुक्त हर्ष सिंह ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत इस बार शहर में प्लास्टिक फ्री दीपावली मनाई जाएगी। इसके लिए आमजन जो भी खरीदारी करें, उस सामान को लाने के लिए कपड़े के थैलों का प्रयोग करें। इस अभियान के तहत स्वच्छ दीपावली हस्ताक्षर अभियान संचालित किया जाएगा, साथ ही आमजनों के साथ ग्रीन दीपावली एवं सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री दीपावली मनाने पर नवीन तरीके और विचार साझा किए जाएंगे।

निगमायुक्त ने फायर स्टेशन का किया निरीक्षण, अलर्ट पर रहने के दिए निर्देश

नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने सोमवार को सिटी सेंटर स्थित निगम के फायर ब्रिगेड स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में खरीदे गए नए फायर ब्रिगेड वाहन और फोम टेंडर का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों से इन वाहनों के संचालन के संबंध में सवाल-जवाब किए और आगामी दीपावली के त्योहार के अवसर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने फायर ब्रिगेड स्टेशन पर नवीन फायर वाहनों की जानकारी प्राप्त की तथा फायर स्टेशन का निरीक्षण कर फायर में उपयोग होने वाले सामान की जानकारी ली। उन्होंने अमले को निर्देश दिए कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए फायर अमला 24 घंटे सतर्क रहे। कहीं पर भी आग लगने पर त्वरित कार्रवाई की जाए, इसके साथ ही सभी संसाधनों को समय-समय पर चेक करने के निर्देश भी दिए।

Leave a comment