लोकमतसत्याग्रह/बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते चल रहीं पूर्वी हवाओं और जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते छाए बादलों के कारण पिछले पांच दिन में रात के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़त हुई है। गत 16 नवंबर को तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो सोमवार तक बढ़कर 13.8 डिग्री सेल्सियस हो गया है। इसके चलते रात में सता रही ठंड से लोगों को हल्की राहत मिली। दिन में बादल छाने के कारण तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कड़ाके की ठंड की संभावना नहीं है, क्योंकि 23 नवंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस दौरान तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जाएगा।
दीपावली के त्यौहार पर शहर में तापमान में गिरावट शुरू हुई थी। इस दौरान रात के समय लोगों को सर्दी का अहसास हो रहा है। लोग गर्म कपड़े पहने हुए नजर आ रहे हैं। दिन के समय भी लोग पूरी बाजू या हल्के गर्म कपड़े पहन रहे हैं। हालांकि दो मौसम प्रणालियां सक्रिय होने से तापमान में गिरावट का सिलसिला थमा है और रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल शहर में कड़ाके की सर्दी की संभावना नहीं है, क्योंकि वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होते ही 23 नवंबर से एक और विक्षोभ आएगा। इसके चलते तापमान में इजाफा होगा और यह सामान्य से अधिक रहेगा। इसका प्रभाव तीन दिन तक रहेगा। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह औसत से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह औसत से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग 12 डिग्री सेल्सियस पर सर्दी मानता है, तो तकनीकी रूप से रात के समय ठंड गायब ही हो गई।


