MP Election Result: भाजपा ने कायम रखे अपने गढ़, स्थानीय स्तर पर विरोध में ढेर हुए शिवराज के मंत्री

लोकमतसत्याग्रह/ मध्य प्रदेश में भाजपा एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है। यह रिकॉर्ड जीत है> भाजपा की यह बड़ी जीत मालवा-निमाड़ और ग्वालियर-चंबल में पार्टी की वापसी के दम पर मिलती दिख रही है। भाजपा ने जिन बड़े चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा था, उनमें से ज्यादातर ने बड़ी बढ़त बना ली है। 

मालवानिमाड़: बड़े उलटफेर का शिकार हुए भाजपाई मंत्री

मालवा-निमाड़ की 66 सीटों पर मंत्रियों को उलटफेर का सामना करना पड़ा। बदनावर में भाजपा से कांग्रेस में गए भंवरसिंह शेखावत ने मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव को हराया। वहीं, बड़वानी में मंत्री प्रेम पटेल भी हारे।

इंदौर की नौ में से आठ सीटों पर भाजपा की जीत तय है। इंदौर-1 में कैलाश विजयवर्गीय और इंदौर-2 में रमेश मेंदौला ने एक-एक लाख से अधिक वोट से जीत दर्ज की। इंदौर-5 में जरूर कांग्रेस के सत्यनारायण पटेल भाजपा के महेंद्र हार्डिया के बीच कशमकश जारी है। वहीं, इंदौर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष मधु वर्मा ने जरूर पूर्व मंत्री जीतू पटवारी की चुनौती को धराशायी कर दिया।

उज्जैन की सात सीटों में से दो पर कांग्रेस की जीत हुई। पांच सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। मंत्री मोहन यादव का मुकाबला जरूर कड़ा था। वह देर शाम तक आगे चल रहे थे। धार जिले की सात सीटों पर भी उलटफेर देखने को मिला। भाजपा से कांग्रेस में गए भंवरसिंह शेखावत ने बदनावर में मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव को परास्त किया। वहीं, धार सीट पर नीना वर्मा ने जीत दर्ज की। अन्य पांच सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली। 

रतलाम में पांच सीटों में से चार पर भाजपा और एक पर भारतीय आदिवासी पार्टी को जीत मिली। वहीं, मंदसौर की चार में से तीन में भाजपा और एक पर कांग्रेस को जीत मिली। नीमच की तीनों सीटें भाजपा की झोली में गई। अलीराजपुर और आगर मालवा में दो-दो सीटें हैं और इनमें से एक पर कांग्रेस और एक पर भाजपा को जीत मिली। देवास (पांच सीटें), खंडवा (चार सीटें), शाजापुर (तीन सीटें) और बुरहानपुर (दो सीटें) में तो कांग्रेस खाता भी नहीं खोल सकी। सभी सीटें भाजपा की झोली में गई। खरगोन की छह में से चार पर भाजपा और दो पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया। झाबुआ में पांच में तीन कांग्रेस को और दो भाजपा को मिली। बड़वानी में चार में से दो-दो सीटें कांग्रेस और भाजपा की झोली में गई।

Leave a comment