पल्स पोलियो अभियान 10 को:रैली ऑन व्हील्स को रही झंडी दिखाई गई, जिलेभर में पौने तीन लाख बच्चों का लक्ष्य

लोकमतसत्याग्रह/भिंड जिले में पल्स पोलियो अभियान 10 दिसम्बर दिन रविवार को 2665 बूथ लगाकर जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियों से सुरक्षा हेतु दो बूंद पल्स पोलियो की पिलायी जाएगी। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने निर्देश दिया कि प्रथम दिवस ही बूथ पर अधिक से अधिक बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाई जाए।

पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु शहर में रैली ऑन व्हील्स का आयोजन किया गया, जिसको मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिवराम सिंह कुशवाह ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली के आयोजन के साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ कुशवाह ने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो बूथ पर लाकर दवा अवश्य पिलाएं।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुमित सिंह भदौरिया ने बताया कि इस हेतु समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है, जिसमे जन्म से पांच वर्ष तक के लगभग पौने तीन लाख बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलायी जाएगी। इस हेतु 5334 कार्यकर्ता पल्स पोलियो की दवा पिलाएंगे, जिनमें 55 टीमें जिले में मोबाइल टीम की तरह कार्य करेगी तथा 36 टीमें बस स्टैण्ड तथा जिले के आवागमन स्थलों पर लगायी जायगी। पल्स पोलियो की सतत मॉनीटरिंग हेतु 258 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए है।

अभियान की सतत् मॉनिटरिंग हेतु जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को इण्टरनल मॉनिटर नियुक्त किए गए, जिसमें डॉ. एस. के व्यास ब्लॉक अटेर, डॉ. आलोक शर्मा भिण्ड अर्बन, डॉ. डी के शर्मा ब्लॉक फूप, डॉ अवधेश सोनी ब्लॉक मेहगाव, श्री राजेश शर्मा डी.पी.एम. रौन, श्री अजय सिंह वीसीसीएम ब्लॉक लहार तथा सुधीर गौतम जिला कोल्डचौन टेक्निशियन को गोहद ब्लॉक आवंटित किये गये है। उन्होंने यह भी बताया गया है कि किन्ही कारणों से जो बच्चे छूट जाते हैं उन्हें 11 तथा 12 दिसम्बर 2023 को घर घर जाकर पोलियों की दो-दो बूंद पिलाई जाएगी।

Leave a comment