इंदौर में RSS की बड़ी तैयारी:बस्तियों में चलेगा मेरी बस्ती-मेरी अयोध्या अभियान, 2 हजार कार्यकर्ता 10 दिन गांव-मोहल्लों में रहेंगे

लोकमतसत्याग्रह/22 जनवरी 2024 को अयोध्या में राम मंदिर में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक अयोध्या में कार्यक्रम होगा। इसे लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने व्यापक तैयारी की है। मालवा प्रांत में सेवा भारती द्वारा मेरी बस्ती-मेरी अयोध्या अभियान के तहत बस्तियों को राम-मय करने की योजना है।

संघ ने प्रांत के 12 हजार गांव और 8 हजार मोहल्लों पर फोकस करने की तैयारी की है। इसे 5 महीने बाद होने वाले लोकसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। जानिए संघ की क्या तैयारी है और प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर क्या आग्रह लोगों से किया

10 दिन गांवमोहल्लो में रहेंगे, 2 हजार कार्यकर्ता

22 जनवरी को मंदिरों में एकत्रीकरण होगा। घरों में दिवाली जैसा वातावरण बनेगा। सजावट होगी। विजय मंत्र के जाप के साथ हनुमान चालीसा पाठ और जगह-जगह लाइव टेली कास्ट हो ऐसी कोशिश रहेगी। प्रांत में 12 हजार गांव और 8 हजार मोहल्ले हैं।

हजारों टोलियां घर-घर संपर्क करेंगी। दो हजार से ज्यादा समयदानी कार्यकर्ता दस दिन के लिए अपने घर से दूर गांव मोहल्ले में रहकर इस अभियान की टोलियों का गठन करेंगे। हर तहसील में सामाजिक सद्भाव बैठक होंगी।

प्राण-प्रतिष्ठा वाले दिन दिवाली मनाई जाएगी। हर घर पर भगवा, हर मुख से राम धुन का नारा दिया जा रहा है। मालवा प्रांत से लगभग 100 से अधिक संत अयोध्या में होने वाले आयोजन में शामिल होंगे। लोगों से अपील की गई है कि घर में कम से कम 5 दीपक लगाएं।

साध्वी ऋतुंभरा कर सकती हैं अभियान की शुरुआत

बताया जाता है कि 7 जनवरी को साध्वी ऋतुंभरा इंदौर आएंगी और चिमनबाग में सेवा भारती के बैनर तले सेवा कार्यों की शुरुआत होगी। जिसके तहत मेरी बस्ती मेरी अयोध्या अभियान शुरू होगा। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य संबंधी सेवा कार्यों की शुरुआत होगी।

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बस्तियों में सीधा संपर्क इस अभियान के जरिए हो जाएगा। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में मालवा-निमाड़ में आने वाली विधानसभा की कई बस्तियों के वोट बीजेपी में शिफ्ट हुए हैं।

इंदौर-3 में बीजेपी उम्मीदवार की जीत की राह भी इसी से आसान हुई। इंदौर-5 में भी ये ट्रेंड देखने को मिला। ऐसे में संघ ने अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा को पब्लिक कनेक्ट में तब्दील करने की तैयारी की है।

Leave a comment