15 राज्यों में 30 दिसंबर तक घने कोहरे का अलर्ट:UP-MP समेत 6 राज्यों में विजिबिलिटी जीरो तक पहुंची; दक्षिण भारत में बारिश की आशंका

लोकमतसत्याग्रह/देश के 15 राज्य ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तराखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 26 दिसंबर से 30 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रहेगा। यहां विजिबिलिटी रेंज 50 मीटर तक रहने की आशंका है।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कुछ जगहों पर विजिबिलिटी जीरो हो गई है। उधर, दक्षिण भारत में 31 दिसंबर तक बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने बताया कि केरल, माहे, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, कराईकल और लक्षद्वीप में आज से अगले 5 दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

दिल्ली एयरपोर्ट से 30 फ्लाइट लेट
दिल्ली के पालम में मंगलवार (26 दिसंबर) सुबह 5:30 बजे जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। लो विजिबिलिटी के कारण पालम स्थित IGI एयरपोर्ट पर दिल्ली में लगभग 30 फ्लाइट्स लेट हो गईं। सुबह 6 बजे से 10 बजे तक 11 फ्लाइट्स को जयपुर और एक विमान लखनऊ डायवर्ट किया गया। रेलवे ने बताया कि कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 14 ट्रेनें भी लेट हुई हैं।

मध्य प्रदेश में दो दिनों तक कोहरा का अलर्ट है। गुना में मंगलवार सुबह 5:30 बजे विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई। ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना में 26 घना कोहरा छाया रहा। यहां विजिबिलिटी करीब 50 मीटर रही। छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में 26 और 27 दिसंबर को 200 से 500 मीटर तक विजिबिलिटी रह सकती है।

हरियाणा के 31 शहरों में मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। यहां अंबाला शहर में आज जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। कुछ जगहों पर 7:30 बजे से 10:30 बजे तक 10 मीटर विजिबिलिटी रही। धुंध के बीच सड़कों पर गाड़ियां रेंगती हुई दिखाई दीं।

जम्मूकश्मीर में लो विजिबिलिटी के साथ माइनस में तापमान
जम्मू-कश्मीर में 21 दिसंबर से सबसे ज्यादा सर्दियों का दौर शुरू हो गया है। 31 जनवरी तक यहां कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इस दौरान श्रीनगर में तापमान गिरता जा रहा है। सोमवार (25 दिसंबर) को यहां न्यूनतम तापमान माइनस 3 डिग्री दर्ज किया गया था। एक दिन पहले 24 दिसंबर को यहां माइनस 2.3 डिग्री तापमान था। गुलमर्ग में सोमवार को माइनस 2.4 डिग्री और कोकरनाग में माइनस 2 डिग्री तापमान रहा।

ठंड के साथ जम्मू-कश्मीर में घना कोहरा भी छाया रहा। श्रीनगर में मंगलवार (26 दिसंबर) सुबह 9:25 बजे विजिबिलिटी 91 मीटर रही। मौसम विभाग ने कम विजिबिलिटी के कारण वाहन चालकों को सावधानी से ड्राइव करने की सलाह दी है।

Leave a comment