लोकमतसत्याग्रह/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साल की शुरुआत पर लक्षद्वीप पहुंचे। यहां के सुंदर और आकर्षक समुद्र तटों के फोटो भी उन्होंने अपने फेसबुक, ट्विटर हैंडल पर साझा किए। इसके बाद तो लक्षद्वीप पूरे देश में ही चर्चा का विषय बन गया। अमूमन जनवरी से मार्च के बीच शहर के लोग गोवा और अंडमान की तरफ ही रुख करते हैं, लेकिन इस बार लक्षद्वीप ट्रेंड में है। जब से प्रधानमंत्री मोदी यहां गए हैं, तबसे शहर के कई लोगों ने लक्षद्वीप यात्रा की प्लानिंग करना शुरू कर दी। कई लोगों ने प्री-बुकिंग तक करवा ली है। मुंबई से लक्षद्वीप की यात्रा सबसे ज्यादा ट्रेंड में है। कोर्डेलिया क्रूज से रोमांचक सफर करने के लिए शहर के लोग आतुर हैं। कई लोगों ने इसकी बुकिंग करवा ली है। अगर आप भी लक्षद्वीप जाना चाहते हैं, आपको यहां के बारे में जानकारी नहीं है
सबसे पहले लेना होगा परमिट…
-लक्षद्वीप जाने के लिए सबसे पहले परमिट की जरूरत होती है। लक्षद्वीप यात्रा अगर आप प्लान कर रहे हैं तो यात्रा के दिन से करीब 15 दिन पहले ई-परमिट के लिए लक्षद्वीप टूरिज्म की आधिकारिक वेबसाइट ई परमिट डाट यूटीआइ डाट जीओवी डाट इन पर जाना होगा। यहां फोटो, आधार कार्ड के साथ आवेदन करना होगा। इसके बाद
ई-परमिट ई-मेल पर भेजा जाएगा।
यह यात्रा सबसे ज्यादा रोमांचक…
- -लक्षद्वीप तक पहुंचने के लिए हवाई मार्ग और जल मार्ग अपनाना होगा। लक्षद्वीप 35 द्वीपों का समूह है। इसमें से कई द्वीप पर आबादी ही नहीं है। यहां तक हवाई मार्ग से पहुंचने के लिए कोच्चि तक फ्लाइट से जाना होगा। कोच्चि से एमवी करावती, अरेबियन सी, लगून कोरल्स, लक्षद्वीप सी, एमवी मिनिकाय क्रूज चलते हैं। इससे लक्षद्वीप तक पहुंचा जा सकता है।
- – मुंबई से कोर्डेलिया क्रूज चलता है। पांच दिन की यात्रा मुंबई से ही प्रारंभ होती है। इसमें क्रूज के अंदर केबिन का किराया सात हजार से लेकर 15 हजार रुपये प्रतिदिन तक होता है। अगर साथ में बच्चे जा रहे हैं तो दो साल से कम उम्र के बच्चों का किराया नहीं लगता। दो साल या इससे ऊपर के बच्चों के लिए भी पूरे केबिन का किराया चुकाना होगा। 31 दिन पहले बुकिंग कराई जा सकती है।
- – ग्वालियर से जो लक्षद्वीप जाना चाहता है, वह ग्वालियर से मुंबई या दिल्ली से मुंबई की फ्लाइट ले सकते हैं। मुंबई से कोर्डेलिया क्रूज की यात्रा कर सकते हैं। दिल्ली से कोच्चि तक फ्लाइट ली जा सकती है। कोच्चि से क्रूज से करावती तक पहुंचा जा सकता है।
भूल जाएंगे मालदीव…
लक्षद्वीप में नीले पानी वाला समुद्र, वाटर स्पोर्टस एक्टिविटी, चारों तरफ प्राकृतिक सौंदर्य: ग्वालियर के लोग मालदीव जाना पसंद करते हैं। मालदीव के आकर्षक समुद्र तट, नीला पानी यहां की खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं, लेकिन यहां तक पहुंचने से ज्यादा यहां रहने का खर्च है। इसलिए भारत में ही लक्षद्वीप बेहतर विकल्प है। यहां के द्वीपों पर समुद्र का पानी इतना साफ है, समुद्र नीला नजर आता है। वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी भी खूब होती हैं। कई सेलेब्रिटी ने भी यहां के फोटो के साथ अपनी आगामी लक्षद्वीप यात्रा को लेकर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट की हैं, इसलिए अब लोगों में भी यहां जाने के लिए उत्सुकता दिख रही है।


