लोकमतसत्याग्रह/उत्तर प्रदेश में सक्रिय चक्रवाती घेरों के प्रभाव से शहर में हवाओं के साथ नमी ने दस्तक दी। इसके चलते आसमान में अधिकतर समय बादलों की मौजूदगी बनी रही। सुबह के समय धूप खिली, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही बादलों का घनत्व बढ़ गया। हालांकि नमी इतनी नहीं रही, जो तापमान के साथ मिलकर वर्षा करा सके। इसके चलते लोगों को भीषण उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि इस दौरान तापमान में भी गिरावट हुई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। इसके बाद एक बार फिर से तापमान में इजाफा होगा।
मौसम में हर दिन परिवर्तन हो रहा है। बुधवार को जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था और लोगों को भीषण गर्मी का अहसास हुआ, तो वहीं गुरुवार को गर्मी से मामूली राहत मिली। इस दौरान उमस ने लोगों को पसीना-पसीना कर दिया। हालांकि सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर ढाई बजे तक तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। शाम चार बजे के आसपास धूप खिलने से पारे में इजाफा हुआ। स्
थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह औसत से 0.8 डिसे अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़त के साथ 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह औसत से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय चक्रवाती घेरों के कारण ग्वालियर चंबल-अंचल में हवाओं में नमी आ रही है। यह स्थिति शुक्रवार को भी रहेगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद फिर से गर्मी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में इजाफा होगा।


