लोकमतसत्याग्रह/अमेरिकी एंटी-वायरस कंपनी क्राउडस्ट्राइक के एक सॉफ्टवेयर अपडेट का असर माइक्रोसॉफ्ट पर पड़ा। इससे शुक्रवार (19 जुलाई) को सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक, करीब 15 घंटों तक माइक्रोसॉफ्ट के ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलने वाले दुनियाभर के 95% कंप्यूटर ठप पड़ गए।
दुनियाभर में एयरपोर्ट, फ्लाइट, ट्रेनें, हॉस्पिटल, बैंक, रेस्तरां, डिजिटल पेमेंट, स्टॉक एक्सचेंज, टीवी चैनल से लेकर सुपर मार्केट जैसी जरूरी सेवाएं रुक गईं। सबसे ज्यादा असर एयरपोर्ट पर देखा गया। दुनियाभर में 3% यानी करीब 4,295 फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ीं।
केवल अमेरिका में ही 1100 फ्लाइट रद्द और 1700 डिले हुईं। भारतीय समयानुसार इसका असर सुबह 10:40 बजे दिखना शुरू हुआ। मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरु समेत देश के बड़े एयरपोर्ट पर भारी भीड़ देखी गई। ऑनलाइन सर्विसेज ठप होने से कई एयरपोर्ट पर फ्लाइट बोर्डिंग पास हाथ से लिखकर दिए गए। हालांकि शाम तक कई सेवाएं सामान्य होने लगीं।
इतने व्यापक असर के चलते यह इतिहास का सबसे बड़ा आईटी संकट बन गया है। इसे ‘डिजिटल पैंडेमिक’ भी बताया जा रहा है। माइक्रोसॉफ्ट ने सुबह करीब 5 बजे इसकी जानकारी दी थी। हालांकि, एपल और लाइनक्स के यूजर्स इससे प्रभावित नहीं हुए।
दुनियाभर में कंप्यूटर ऑटोमेटिकली रिस्टार्ट होने लगे, स्क्रीन ब्लू हो गई
क्राउडस्ट्राइक के सॉफ्टवेयर अपडेट के कारण कंप्यूटर स्क्रीन पर नीले बैकग्राउंड के साथ मैसेज दिखा। इसे ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ (BSOD) कहा जाता है। ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ एक क्रिटिकल एरर स्क्रीन है जो विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम पर दिखाई देती है। जब यह एरर आता है, तो कंप्यूटर ऑटोमेटिकली रिस्टार्ट हो जाता है। डेटा खोने की भी संभावना रहती है।
इस आउटेज के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने तुरंत कहा कि यह एक “थर्ड पार्टी इश्यू” है। दूसरे शब्दों में- ये उसकी गलती नहीं थी। माइक्रोसॉफ्ट के पास समस्या से निजात पाने का कोई ‘प्लान बी’ नहीं था। वह इंतजार करती रही कि खुद साइबर सिक्योरिटी फर्म इसे दूर करेगी।
यह खतरनाक स्थिति है। आर्थिक तंत्र के अहम घटकों की माइक्रोसॉफ्ट के ऑपरेटिंग सिस्टम पर अत्यधिक निर्भरता है। ऐसा नहीं है कि इसके विकल्प नहीं है। कई कंपनियां ‘लाइनेक्स’ और ‘मेक’ का इस्तेमाल करती हैं। लेकिन एयरलाइन और दूसरे उद्योग यह मानकर चल रहे थे कि माइक्रोसॉफ्ट में गड़बड़ी नहीं आ सकती।
अब समय आ गया है कि देश में वैकल्पिक ऑपरेटिंग सिस्टम के विकास को गंभीरता से लिया जाए। सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और यूपीआई जैसे वित्तीय टेक्नोलॉजी सिस्टम बनाना हमारी क्षमता बताता है। दुनिया में 95% कंप्यूटर माइक्रोसॉफ्ट के ऑपरेटिंग सिस्टम से चलते हैं। यह ‘मोनोपॉली’ खतरनाक है। इसका विकल्प ढूंढ़ने की जरूरत है।
क्राउडस्ट्राइक के अपडेट के कारण माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस ठप हुई
क्राउडस्ट्राइक के अपडेट के कारण ही माइक्रोसॉफ्ट के एज्योर क्लाउड और माइक्रोसॉफ्ट 365 सर्विसेज में परेशानी आई है। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, “हमें समस्या की जानकारी है और हमने कई टीमों को इसे सुलझाने में लगाया है। हमने इसके कारण का पता लगा लिया है।” इससे वही यूजर प्रभावित हुए हैं जो माइक्रोसॉफ्ट एज्योर का इस्तेमाल करते हैं।
क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म है माइक्रोसॉफ्ट ऐज्योर
माइक्रोसॉफ्ट ऐज्योर क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म है। ये एप्लिकेशन और सर्विसेज को बनाने, डिप्लॉय और मैनेज करने का काम करता है। वहीं माइक्रोसॉफ्ट 365 प्रोडक्टिविटी सॉफ्टवेयर है, जिसमें वर्ड, एक्सेल, पावरपॉइंट, आउटलुक और वन नोट जैसे लोकप्रिय एप्लिकेशन शामिल हैं।
माइक्रोसॉफ्ट CEO सत्य नडेला ने रात 9:29 बजे X पर घंटों सर्विसेज ठप रहने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, ‘कल क्राउडस्ट्राइक ने एक अपडेट जारी किया, जिसने विश्व स्तर पर IT सिस्टम को प्रभावित किया। हम लोगों को उनके सिस्टम को सुरक्षित ऑनलाइन वापस लाने के लिए टेक्निकल गाइडेंस देने की दिशा में क्राउडस्ट्राइक और पूरे इंडस्ट्री के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’
व्हाइट हाउस ने कहा- राष्ट्रपति जो बाइडेन को क्राउडस्ट्राइक आउटेज की जानकारी दी गई
व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडेन को क्राउडस्ट्राइक आउटेज की जानकारी दी गई है। इसके कारण हुई ग्लोबल तकनीकी परेशानियों के बारे में बताया गया है।
अमेरिकन एयरलाइंस ने कहा- हमारा ऑपरेशन फिर शुरू हुआ
अमेरिकन एयरलाइंस ने फिर से ऑपरेशन शुरू होने की घोषणा की है।
एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “आज सुबह एक वेंडर के साथ तकनीकी समस्या ने अमेरिकन सहित कई एयरलाइन्स को प्रभावित किया। सुबह 5 बजे से हमने सुरक्षित तरीके के अपना ऑपरेशन शुरू कर दिया है।”
कंपनी ने आगे लिखा है कि इस आउटेज के कारण अमेरिकन एयरलाइंस की सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन कंपनी इस समस्या को हल करने और अपने ऑपरेशन को बहाल करने में कामयाब रही।
लंदन स्टॉक एक्सचेंज फिर से शुरू हुआ
लंदन स्टॉक एक्सचेंज ग्रुप (LSEG) ने घोषणा की कि उसका डेटा और सिस्टम फिर से चालू हो गया है। ग्रुप ने बयान जारी करते हुए अपने ग्राहकों से कहा, ”हम वर्तमान में डेटा के बैकलॉग पर काम कर रहे हैं।”
RBI ने कहा- 10 बैंक और NBFC पर मामूली असर
RBI ने बताया कि देश के फाइनेंशियल और पेमेंट सिस्टम पर कोई असर नहीं दिखा। हालांकि, 10 बैंक और /NBFC पर इसका असर देखने को मिला। हालांकि, कुछ समय बात इसे ठीक कर लिया गया।
बाजार खुलते ही लगभग 12.55% गिरा क्राउडस्ट्राइक
क्राउडस्ट्राइक के शेयर की कीमत अमेरिकी बाजार खुलते ही लगभग 12.55% गिर गई। नवंबर 2022 के बाद कंपनी के लिए यह सबसे खराब दिन बन गया। माइक्रोसॉफ्ट के शेयर में भी 1% से ज्यादा की गिरावट है।
हमें गहरा खेद है – क्राउडस्ट्राइक बॉस
साइबर सिक्योरिटी फर्म क्राउडस्ट्राइक के बॉस ने यूएस ब्रॉडकास्टर एनबीसी न्यूज के साथ एक इंटरव्यू में अपने सॉफ्टवेयर अपडेट के कारण हुए व्यवधान के लिए माफी मांगी। जॉर्ज कर्ट्ज़ ने कहा हम शीघ्र ही आपके लिए इस पर और अधिक जानकारी लाएंगे।
एयरलाइंस को एक्स्ट्रा सीटिंग, पानी और भोजन उपलब्ध करने के निर्देश
सिविल एविएशन मिनिस्टर राममोहन नायडू किंजरापु ने कहा- ‘मैंने एयरपोर्ट के अधिकारियों और एयरलाइंस को एक्स्ट्रा सीटिंग, पानी और भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। हम आपकी चिंताओं को समझते हैं और ऑपरेशन मैनेज करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। कृपया एयरपोर्ट के कर्मचारियों के साथ सहयोग करें।’
माइक्रोसॉफ्ट के संपर्क में भारत सरकार
रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने X पर लिखा- मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी ग्लोबल आउटेज के संबंध में माइक्रोसॉफ्ट और उसके सहयोगियों के संपर्क में है। इस आउटेज का कारण पता लगा लिया गया है और समस्या के समाधान के लिए अपडेट जारी कर दिए गए हैं। CERT एक टेक्निकल एडवाइजरी जारी कर रहा है। नेशनल इन्फार्मेटिक्स सेंटर का नेटवर्क प्रभावित नहीं है।


