लोकमतसत्याग्रह/देश में भाजपा एक बार फिर राष्ट्रीय सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है। भाजपा के महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो सितंबर को राष्ट्रीय सदस्यता अभियान शुरू करेंगे। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पार्टी सदस्यता का नवीनीकरण किया जाएगा।
महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि जब कोई नया सदस्यता अभियान चलाया जाता है तो पार्टी के हर सदस्य को अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कराना पड़ता है। भाजपा के संविधान के मुताबिक हर पांच से छह साल में सदस्यता अभियान चलाया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि भाजपा ने इस महीने जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड को छोड़कर पूरे देश में 10 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। अभियान दो से 10 सितंबर तक चलेगा। इसमें लोग मिस्ड कॉल, पार्टी की वेबसाइट और अन्य डिजिटल प्लेटफार्म एप के जरिये अपना नाम जोड़ सकते हैं। 2014 में 110 मिलियन लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद 2019 में 70 मिलियन लोग पार्टी के सदस्य बने थे।
ओडिशा में बनाए जाएंगे एक करोड़ सदस्य
पार्टी नेताओं ने कहा कि ओडिशा में भाजपा अभियान के दौरान 1 करोड़ सदस्यता का लक्ष्य रख रही है। पिछले दिनों हुई बैठक के बाद पार्टी अधिकारियों ने बताया कि राज्य भर में बूथ स्तर पर संगठन को कैसे मजबूत किया जाए, इस पर भी चर्चा हुई। पार्टी बैठक में राज्य सरकार की प्रमुख सुभद्रा योजना पर भी चर्चा हुई, जिसके तहत प्रत्येक महिला को पांच साल की अवधि में 50,000 रुपये दिए जाएंगे।


