अप्रैल जैसी गर्मी, प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म शहर

लोकमत सत्याग्रह /अक्टूबर माह की शुरुआत होने के बावजूद शहर में अब भी गर्मी अपना जोर दिखा रही है। मानसून की विदाई के साथ ही हवा में नमी कम होने से मौसम शुष्क है। इसके चलते अधिकतम तापमान फिर परवान चढ़ रहा है। शनिवार को ग्वालियर प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। ऐसी स्थिति अमूमन अप्रैल महीने में देखने को मिलती है। प्रदेश में सबसे गर्म खजुराहो रहा, जहां का अधिकतम तापमान 36.8 डिसे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक मौसम इसी प्रकार शुष्क बना रहेगा। शहर में पिछले एक सप्ताह से गर्मी फिर परवान चढ़ रही है। अक्टूबर में रात के समय गुलाबी ठंडक की शुरुआत हो जाती है, वहां अब भी दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज हो रहा है। इसके चलते लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। घरों में फिर से एसी-कूलर शुरू हो गए हैं। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिसे दर्ज किया गया, जो औसत से 0.6 डिसे अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 24.9 डिसे दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिसे अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मानसून वापसी की रेखा नौतनवा, सुल्तानपुर, पन्ना, नर्मदापुरम, खरगोन, नंदूरबार, नवसारी होते हुए गुजर रही है। उत्तरीय गंगयीय पश्चिम बंगाल और निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर चक्रवाती घेरा बना है।

Leave a comment