लोकमत सत्याग्रह /जीतेन्द्र ओझा / भितरवार
दुष्टों के संहार के लिए अवतरित होते हैं भगवान
श्री कृष्ण जन्म की कथा सुन भाव विभोर हुए श्रद्धालु, पूरा पंडाल जयकारों से गूंजा
भितरवार। आपसी भाईचारे और सद्भावना की मिसाल बनी श्री मद भागवत कथा के चतुर्थ दिन व्यासपीठ पर विराजमान अंतरराष्ट्रीय भागवत मर्मज्ञ डॉ श्यामसुंदर पाराशर ने रविवार को ध्रुव चरित्र,वामन अवतार,और श्री कृष्ण जन्म का प्रसंग श्रवण कराया।
नगर के वार्ड 15 सासन में मुस्लिम परिवार द्वारा कराई जा रही संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा आपसी भाईचारे की मिसाल बनी है।रविवार को भागवत कथा में व्यासपीठ पर विराजमान अंतरराष्ट्रीय भागवत कथा मर्मज्ञ डॉ श्यामसुंदर पाराशर ने कपिल अवतार ध्रुव चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मनुष्य जीवन बार-बार नहीं मिलता है इसलिए इस कलयुग में दया धर्म भगवान के स्मरण से ही सारी योनियों को पार करता है।
डॉ पाराशर ने मनुष्य जीवन का महत्व समझाते हुए कहा कि भगवान की भक्ति में अधिक से अधिक समय देना चाहिए। उन्होंने बताया कि, भगवान विष्णु ने पांचवा अवतार कपिल मुनि के रुप में लिया।उन्होनें ध्रुव चरित्र की कथा के बारे में भक्तों को विस्तार से वर्णन करते हुए बताया कि भक्ति में दिखावा नहीं होना चाहिए।उन्होंने कहा कि जब – जब पृथ्वी पर कोई संकट आता है तो भगवान अवतार लेकर उस संकट को दूर करते हैं। भगवान शिव और भगवान विष्णु ने अनेक बार पृथ्वी पर अवतार लिया है।अब तक 23 अवतार के रूप में जगत पालनहार पृथ्वी पर अवतरित हो चुके हैं।जबकि 24वां अवतार कल्कि अवतार में उनका आगमन बाकी है। इन 24 अवतार में से 10 अवतार विष्णु के मुख्य अवतार माने जाते हैं। इसमें मत्स्य अवतार, वराह अवतार, नृसिंह अवतार, वामन अवतार, परशुराम अवतार, राम अवतार, कृष्ण अवतार, बुद्ध अवतार,कल्कि अवतार हैं। व्यासपीठ पर विराजमान डॉ पाराशर ने श्रीकृष्ण जन्म की कथा सुनाते हुए बताया कि जब अत्याचारी कंस के पापों से धरती डोलने लगी, तो भगवान कृष्ण को अवतरित होना पड़ा। सात संतानों के बाद जब देवकी गर्भवती हुई, तो उसे अपनी इस संतान की मृत्यु का भय सता रहा था। लेकिन भगवान की लीला वे स्वयं ही समझ सकते हैं। भगवान कृष्ण के जन्म लेते ही जेल के सभी बंधन टूट गए और भगवान श्रीकृष्ण गोकुल पहुंच गए।
शास्त्री ने कहा कि जब-जब धरती पर धर्म की हानि होती है, तब-तब भगवान धरती पर अवतरित होते हैं। जैसे ही कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ पूरा पंडाल जयकारों से गूंजने लगा जन्म उत्सव पर नन्द के आनंद भयो जय कन्हैयालाल की भजन प्रस्तुत किया तो श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर जमकर झूमे। एक-दूसरे को श्रीकृष्ण जन्म की बधाईयां दी गई,एक-दूसरे को खिलौने और मिठाईयां बाटी गई। कथा महोत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भजन गाए भागवत कथा में
नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने पहुंचकर व्यासपीठ का पूजन कर डॉ श्याम सुंदर पाराशर का आशीर्वाद लिया।इस मौके पर परीक्षित पार्षद सफ़ीना फिरोज खान, दौलत खान सहित सेकंडों श्रद्धालुओं उपस्थित थे l
भागवत कथा में धूमेश्वर धाम के महंत अनुरुद्ध वन महाराज ने पहुंच कर आशीर्वाद दिया
सासन में चल रही संगीतमयी श्रीमद भागवत कथा में धूमेश्वर धाम के महंत श्री अनुरुद्ध वन महाराज ने पहुंच कर आशीर्वाद वचन दिये परीक्षित पार्षद सफ़ीना फिरोज खान ने महंत श्री का सम्मान किया कथा में तहसीलदार शत्रुघ्न सिंह चौहान सहित अनेक लोग उपस्थित थे l


