मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रेलवे स्टेशन की निर्माणाधीन इमारत से एक मजदूर नीचे गिर गया। इस घटना में नीचे रखे तीन सरिये उसके शरीर से आर-पार हो गए। लोगों को लगा कि अब वह बच नहीं पाएगा। डॉक्टरों ने अपनी पूरी ताकत लगा दी और उसकी जान बचाने में कामयाब रहे।
- डॉक्टरों ने ग्राइंडर से शरीर से बाहर निकले सरिये काटे।
- डेढ़ घंटे तक चले ऑपरेशन में कटी हुई आंत को जोड़ा।
- स्वजन ने केपीसी कंपनी पर लगाया लापरवाही का आरोप।
लोकमत सत्याग्रह / ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन इमारत की दूसरी मंजिल से मजदूर ऐसा गिरा कि नीचे रखे 12 एमएम मोटे दो से तीन फीट लंबे तीन सरिये पेट और सीने के आर-पार हो गए। उसकी स्थिति देखकर हर कोई उसकी जिंदगी के महज कुछ घंटे ही शेष मान रहा था।
इस दर्दनाक घटना के बाद भी बिना घबराए मजदूर की जीवटता और डॉक्टरों के हाथों के हुनर ने ऐसा कमाल दिखाया कि त्योहार के दिन उसे जीवनदान मिल गया। अस्पताल ले जाए गए मजदूर के शरीर में सरिये घुसे होने से उसे सीटी स्कैन कक्ष तक में नहीं ले जाया सका तो ग्राइंडर से सरिये काटे गए।

