लोकमत सत्याग्रह / मनोज सिंह / टीकमगढ़ जिले में खाद की समस्या बनी हुई है। सुबह से शाम तक किसान कतार में खड़े रहते हैं, लेकिन खाद नहीं मिल रही। बुधवार को कांग्रेस की प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने मुख्यमंत्री और खाद्य मंत्री से किसानों को समय रहते खाद उपलब्ध कराने की मांग की। मंगलवार को कृषि उपज मंडी में सुबह से शाम तक महिलाएं और पुरुष खाद के लिए लाइन में लगे रहे, लेकिन जब खाद नहीं मिली तो शाम 5 बजे मंडी के गेट पर जाम लगा दिया था। इस दौरान वितरण केंद्र के कर्मचारी नदारद हो गए थे। खाद के लिए खड़े किसानों ने बताया था कि जिला मुख्यालय सहित नगरीय इलाकों में किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। किसान दिन भर खरीदी केंद्र पर खड़े रहते हैं। शाम को खाली हाथ घर लौट जाते हैं। किसानों का कहना है कि पर्याप्त मात्रा में खाद आती है, लेकिन सही तरीके से वितरण नहीं किया जा रहा। कई बार कलेक्टर और एसडीएम से शिकायत की। इसके बाद एसडीएम संजय दुबे निरीक्षण करने पहुंचे। फिर भी खाद की समस्या का समाधान नहीं हुआ। किसानों की समस्या को देखते हुए कांग्रेस की प्रदेश महासचिव किरण अग्रवाल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खाद, बीज से लेकर फसलों की बिक्री के दौरान किसानों को लाइन का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा सरकार ने किसानों को लाइन में खड़ा कर दिया है, अगर समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेश के अन्नदाता भाजपा सरकार को लाइन में खड़ा कर देंगे।


