लोकमत सत्याग्रह / ग्वालियर इंदौर के पटेल नगर स्थित नथिंग विफोर कैफे में दो बदमाशों ने एयरगन की नोक पर कर्मचारियों से पिज्जा बनवाया। आरोपी अंकित शर्मा और विशाल यादव ने गोली चलाई और धमकाया। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर अंकित की पहचान कर गिरफ्तार किया।
लोकमत सत्याग्रह / ग्वालियर। शहर के पॉश इलाके सिटी सेंटर के पटेल नगर के एक कैफे में दो बदमाशों ने बंदूक की नोक पर जबरन कर्मचारियों से पिज्जा बनवाया। दोनों ने एयरगन को बंदूक की तरह इस्तेमाल किया था। वारदात रात करीब 12 बजे नथिंग विफोर कैफे में हुई।
दोनों आरोपी कार में बैठकर काफी देर से हॉर्न बजा रहे थे। कैफे में काम करने वाले प्रेम नरवारे और उसके साथी विवेक परिहार ने कैफे बंद होने की बात कही, तो दोनों भड़क गए। उन्होंने पहले कैफे के बाहर गोलियां चलाकर दहशत फैलाई। उसके बाद एयरगन लेकर कैफे के अंदर गुंडे घुस आए।
दोनों ने यहां बैठी एक महिला व दो पुरुषों के सामने कैफे के स्टाफ से बदसलूकी करते हुए गोली मारने तक की धमकी दे डाली। कैफे के कर्मचारियों ने को नहीं पता था कि यह एयरगन है। आरोपियों से डरकर परिवार वाले जान बचाकर भाग गए। उसके बाद बंदूक की नोंक पर कैफे के स्टाफ से पिज्जा बनवाया। कैफे संचालक को भी धमकाया। यह घटना कैफे के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
पुलिस ने की आरोपियों की पहचान
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के आधार पर पड़ताल शुरू कर दी, जिसमें एक युवक की पहचान अंकित शर्मा पुत्र मायाराम शर्मा के रूप में हुई। अंकित के पिता मायाराम शर्मा श्योपुर में मंडी निरीक्षक हैं। वह अपने दोस्त विशाल यादव के साथ यहां आया था। इस मामले में यूनिवर्सिटी पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कर्मचारी विवेक परिहार ने बताया कि यह दोनों काले रंग की सोनेट कार में सवार होकर आए थे।
वुड्स रेसीडेंसी में किराए से ले रखा था फ्लैट
आरोपी अंकित शर्मा का घर थाटीपुर स्थित सुरेश नगर में है। यहां उसकी मां रहती है। उसके बारे में बताया है कि उसने वुड्स रेसीडेंसी में फ्लैट किराए से ले रखा था। यहां वह रह रहा था, लेकिन उसका पुलिस वेरीफिकेशन भी नहीं हुआ था। रहवासियों ने बताया कि यहां और भी लोग किराए से रह रहे हैं, जिनका पुलिस वेरीफिकेशन नहीं है।
शटर डालकर अंदर भागे कर्मचारी
विवेक परिहार ने बताया कि पहले तो काफी देर तक कार में बैठकर यह दोनों हॉर्न बजाते रहे। मैं बाहर आया तो पिज्जा बनाने के लिए कहा। पिज्जा बनाने से इनकार करने पर गोली चलाई। इस पर वह अंदर भागा और कैफे का शटर डाल दिया। फिर शटर खोलकर दोनों अंदर आ गए। यहां अंदर परिवार भी बैठा था। महिला के सामने ही बदसलूकी करने लगे।


