दिल्ली विधानसभा चुनाव: AAP, BJP, और कांग्रेस की टकरार

लोकमत सत्याग्रह : दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान होने के बाद सियासी घमासान तेज है। इस बार आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होना है। वहीं INDIA गठबंधन के कई दल दिल्ली में AAP के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। यह देखते हुए कांग्रेस नेताओं में बेचैनी है।

अरविंद केजरीवाल, पृथ्वीराज चव्हाण और संदीप दीक्षित के फाइल फोटो।

HIGHLIGHTS

  1. दिल्ली में विधानसभा की कुल 70 सीट है
  2. एक ही चरण में 5 फरवरी को मतदान
  3. 8 फरवरी को होगी वोटों की गिनती

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। ताजा मामला महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण के बयान का है।

चव्हाण ने कहा है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी बड़ी पार्टी है। बेहतर होता कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गठबंधन कर मिलकर चुनाव लड़ते। इस पर नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित ने पलटवार किया है।

AAP की वकालत करने पर भड़के संदीप दीक्षित

  • चव्हाण के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संदीप दीक्षित ने कहा कि जिन्हें आम आदमी पार्टी से उम्मीद है, वे कांग्रेस छोड़ सकते हैं। दिल्ली की जनता ने इस बार कांग्रेस पर भरोसा जताया है। यह बिल्कुल स्पष्ट है।
  • बता दें, दिल्ली चुनाव के बीच कांग्रेस अलग-थलग पड़ती नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के साथ ही उद्धव गुट भी दिल्ली में कांग्रेस को नहीं, बल्कि AAP को समर्थन देने का एलान कर चुके हैं।
  • दिल्ली चुनाव में शुरू से आम आदमी पार्टी बनाम कांग्रेस की स्थिति बन रही है। स्थानीय कांग्रेस नेता लगातार आप नेताओं के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। इससे केजरीवाल एंड कंपनी नाराज है।

केजरीवाल ने कांग्रेस को बताया भाजपा का मोहरा

इस बीच, अरविंद केजरीवाल ने साफ कर दिया है कि दिल्ली में इंडिया गठबंधन नहीं है। सीधा मुकाबला आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच है। कांग्रेस तो भाजपा का मोहरा बनकर चुनाव लड़ रही है।

दिल्ली में दो सीट पर चुनाव लड़ेगी सीपीआईएम

दिल्ली चुनाव में अब वामदलों की भी एंट्री हो गई है। सीपीआई (एम) नेता वृंदा करात ने कहा, सीपीआई (एम) दिल्ली में दो सीटों- करावल नगर और बदरपुर पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा जहां वामपंथी दल चुनाव लड़ेंगे, हम एक-दूसरे का समर्थन करेंगे। शेष सीटों पर सीपीआई (एम) उस पार्टी का समर्थन करेगी, जो भाजपा को हरा सकती है। मेरी पार्टी का नारा है ‘भाजपा हराओ, दिल्ली बचाओ’।

भाजपा के भी निशाने पर कांग्रेस

इस बीच, दिल्ली चुनाव के मद्देनजर INDIA गठबंधन में कांग्रेस की स्थिति पर भाजपा भी हमलावर है। महाराष्ट्र में बीजेपी विधायक राम कदम ने कहा, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार हुई थी। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और कई अन्य नेताओं ने कहा है कि उन्हें राहुल गांधी का नेतृत्व स्वीकार नहीं है। इस वजह से कांग्रेस अकेली पड़ रही है। बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने कहा, यह एक ट्रेंड है कि जब भी INDIA गठबंधन आपस में लड़ा और एनडीए की सरकार बनी। हरियाणा में भी यही हुआ। यही ट्रेंड दिल्ली में भी चलेगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि लोकसभा चुनाव के बाद INDIA गठबंधन टूट जाएगा।

Leave a comment