लोकमत सत्याग्रह/सोहनलाल माईच की रिपोर्ट/नागौर, 30 जनवरी। कलक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी वाटिका में 30 जनवरी को शहीद दिवस मनाया गया। इस दौरान जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित, अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविंद्र कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।।
अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर ने बताया कि शहीद दिवस कार्यक्रम गांधी वाटिका में प्रातः 10.30 बजे राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर पुष्पार्पण से आरंभ हुआ। इसमें रामधुन के उपरान्त गाँधीजी के प्रिय भजनों का गान किया गया।
इस मौके पर जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों को जीवन में उतारें। वर्तमान के दौर में हमें सत्य को अपनाते हुए गांधी के आदर्शों के साथ सत्यनिष्ठा व कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। वहीं एडीएम चंपालाल जीनगर ने कहा कि हमें गांधी के आदर्शों पर चलकर मानवता की सेवा करनी चाहिए। हम अपने कर्तव्यों को समझें और कर्तव्यनिष्ठा के साथ उनका पालन भी करें। इसके बाद 2 मिनट का मौन धारण के साथ कार्यक्रम सम्पन हुआ।


