सभी फाइल व पत्र ई-ऑफिस के माध्यम से ऑनलाइन भेजें
लोकमत सत्याग्रह/ गोपाल शुक्ला / हरदा , प्रदेश के सभी विभागाध्यक्ष, संभाग एवं जिला कार्यालयों में कार्यवाही त्वरित गति से करने के लिये आधुनिक तकनीक का उपयोग किये जाने के उद्देश्य से ई-आफिस परियोजना लागू की जा रही है। कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने सभी विभागों के जिला अधिकारियों को निर्देश दिये है कि 3 फरवरी सोमवार से सभी कार्यालयीन पत्र व्यवहार अवकाश आवेदन एवं अन्य नस्तियां ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही कलेक्ट्रेट भेजें। ई-ऑफिस परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिये जिले के शासकीय विभागों के जिला कार्यालयों में पदस्थ सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस प्रणाली सॉफ्टवेयर का एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला पंचायत के ई-दक्ष केन्द्र में अधिकारी कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री शैलेष दुबे ने अधिकारी कर्मचारियों को ई-ऑफिस पोर्टल के मॉड्यूल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
एनआईसी के डीआईयू श्री दुबे ने बताया कि 3 फरवरी को दोपहर 3 बजे से पंजीयन कार्यालय, मत्स्योद्योग, महिला बाल विकास, जन अभियान परिषद, उद्योग, जिला शिक्षा केन्द्र, जिला शिक्षा अधिकारी, खेल, सहकारिता, वेयरहाउस, मार्कफेड, नान, आपूर्ति, कृषि उपज मण्डी, उद्यानिकी, जिला सहकारी बैंक, कृषि, कृषि विज्ञान केन्द्र व आबकारी विभाग के अधिकारी कर्मचारियों का प्रशिक्षण होगा। इसके अलावा 4 फरवरी को सभी एसडीएम व तहसील कार्यालय, नगर पालिका, वन, पुलिस, परिवहन तथा लोक अभियोजन कार्यालयों के अधिकारी कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित होगा।
(फोटो संलग्न)
बेरोजगारों के लिये सुजुकी मोटर्स का कैम्पस ड्राइव 5 फरवरी को
हरदा 31 जनवरी 2025/ सुजुकी मोटर गुजरात प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी द्वारा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था हरदा में 5 फरवरी को एक दिवसीय कैम्पस ड्राइव का आयोजन किया जा रहा हैं। इस कैम्पस ड्राइव में सुजुकी मोटर्स द्वारा एफटीसी व अप्रेंटिसशिप पद के लिये युवाओं का चयन किया जाएगा। कैम्पस ड्राइव में 18 से 24 वर्ष के इंजीनियरिंग व्यवसाय से आई.टी.आई उत्तीर्ण पुरूष आवेदक शामिल हो सकते है। एफटीसी पद के लिये कम्पनी का वेतनमान 24500 रूपये तथा अप्रेंटिसशिप के लिये 18300 रूपये निर्धारित है। कैम्पस ड्राइव में भाग लेने के इच्छुक पुरूष आवेदक शासकीय आईटीआई में उपस्थित होकर अथवा मोबाइल नम्बर 9329192910 व 9926534319 पर सम्पर्क कर सकते है।
शराब के अवैध परिवहन में प्रयुक्त वाहन अधिहरण करने के आदेश जारी
हरदा 31 जनवरी 2025/ शराब के अवैध परिवहन में प्रयुक्त हरे रंग की स्कार्पियो वाहन क्रमांक एमपी 12 टी 0480 को अधिहरण करने के आदेश कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री आदित्य सिंह ने जारी किये है। जारी आदेश में इस वाहन से जप्त की गई लगभग 54 लीटर शराब को नष्ट करने के निर्देश भी दिये गये है। मदिरा नष्टीकरण की यह कार्यवाही नष्टीकरण समिति के समक्ष की जाएगी।


