लोकमतसत्याग्रह/ग्वालियर जिले के घाटीगांव के जखोदी गांव में 150 बीघा सरकारी चारागाह जमीन को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-चार्ज और पत्थरबाजी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने ट्रैक्टर से दूसरे पक्ष को कुचलने की कोशिश भी की। इस घटना में कई ग्रामीण घायल हुए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर समझाने की कोशिश की। जब वे नहीं माने, तो पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कर दी। जानकारी के अनुसार, जखोदी गांव में एक सरकारी चारागाह भूमि है, जिस पर रामलखन सिंह गुर्जर पिछले कुछ वर्षों से खेती कर रहे हैं। भूपेन्द्र सिंह गुर्जर और उनका परिवार इस जमीन पर कब्जे का विरोध कर रहा है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब भूपेन्द्र सिंह गुर्जर अपने साथियों मोहर सिंह, संजीव, रविन्द्र और रानाजीत गुर्जर के साथ खेत के पास पहुंचे। दूसरी ओर, रामलखन सिंह की तरफ से तहसीलदार गुर्जर, रनवीर, सोवरन, हेमेन्द्र और भरत गुर्जर मौके पर आ गए। दोनों पक्ष आमने-सामने आते ही विवाद हिंसक रूप ले गया।
मामला बढ़ते ही दोनों ओर से लाठियां और पत्थर चले। इसी दौरान एक पक्ष ने ट्रैक्टर से दूसरे पक्ष की ओर हमला करने की कोशिश की। इस घटना से गांव में अफरातफरी मच गई डीएसपी चंद्रभान सिंह ने बताया कि जखोदी गांव के कुछ ग्रामीणों ने सरकारी चारागाह जमीन पर अवैध कब्जा करने और उस पर खेती करने की शिकायत की है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। घायल लोगों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सरकारी भूमि पर किसका वैध दावा है और क्या इसमें अवैध कब्जे का प्रयास किया गया।


