डॉक्टर दंपती को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार, सुपारी और फिरौती के नाम पर कर रहा था ब्लैकमेल

लोकमतसत्याग्रह/जांच में पता चला कि डॉक्टर की पत्नी द्वारा ब्यूटी पार्लर से आरोपी की गर्लफ्रेंड पूजा को नौकरी से निकालने पर उसने बदला लेने की योजना बनाई। आरोपी ने कॉल और वॉट्सएप संदेशों में पिस्टल की तस्वीरें भेजकर डराने की कोशिश की।

ग्वालियर में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कौरव को डराने धमकाने वाले आरोपी को पुलिस ने कटनी जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने डॉक्टर को सुपारी मिलने और 15 लाख रुपये की मांग करते हुए बीते 26 दिनों में 87 बार धमकाया। उसने पुलिस को बताया कि डॉक्टर की पत्नी ने उसकी गर्लफ्रेंड को ब्यूटी पार्लर से निकाल दिया था, इसी का बदला लिया।

मोबाइल लोकेशन के आधार पर बुधवार रात पुलिस ने आरोपी को कटनी से पकड़ा। पुलिस टीम आरोपी को लेकर ग्वालियर के लिए रवाना हो गई है। गोला का मंदिर थाना प्रभारी हरेन्द्र शर्मा ने बताया कि डॉ. मनोज कौरव जिले के स्वास्थ्य अधिकारी हैं। डॉक्टर की पत्नी सुनीता को 20 सितंबर को सुबह 11 बजे मोबाइल नंबर 7441135496 से पहली बार धमकी भरा कॉल आया। कॉलर ने कहा कि उसे दंपती की हत्या करने के लिए 11 लाख रुपये की सुपारी मिली है। जान बचानी है तो उसे 15 लाख रुपये दे दें।

दंपती की शिकायत के बाद 22 सितंबर को गोला का मंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। तब से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इस दौरान आरोपी वॉटसएप और कॉल के जरिए दंपती को धमकाता रहा। दो दिन पहले पुलिस को आरोपी के मोबाइल से एक तकनीकी सुराग मिला, जिससे पता चला कि वह इस समय मध्य प्रदेश के महाकौशल संभाग के कटनी जिले में छिपा है।

गोला का मंदिर थाना पुलिस दो दिन से कटनी में आरोपी की तलाश कर रही थी। बुधवार रात आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में उसकी पहचान मनीष प्रधान के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि डॉ. मनोज कौरव की पत्नी सुनीता ब्यूटी पार्लर का संचालन करती हैं। करीब पांच महीने पहले उन्होंने वहां काम करने वाली पूजा नाम की युवती को नौकरी से निकाल दिया था। पूजा, मनीष प्रधान की गर्लफ्रेंड है। इस बात से नाराज होकर मनीष ने डॉक्टर और उनकी पत्नी को धमकाने की योजना बनाई।

डॉ. मनोज कौरव ने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वे अकेले बाहर निकलने से डरते थे। आरोपी ने कई बार कहा कि उनकी हत्या की 11 लाख रुपये में सुपारी ली गई है और जान बचाने के लिए उसे 15 लाख रुपये देने होंगे। आरोपी ने वॉट्सएप पर पिस्टल की तस्वीरें भेजकर भी डराने की कोशिश की थी।

Leave a comment