मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नवरात्रि से पहले लाड़ली बहना योजना की 34वीं किश्त जारी करते हुए 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में 1836 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। ग्वालियर के घाटीगांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 121 करोड़ रुपये के 54 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नवरात्रि से पहले प्रदेश की लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात देते हुए लाड़ली बहना योजना की 34वीं किश्त जारी की। ग्वालियर जिले के घाटीगांव स्थित शबरी माता मंदिर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में 1500 रुपये की दर से कुल 1836 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 121 करोड़ रुपये की लागत के 54 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन से हुई। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद महिलाओं पर पुष्पवर्षा की और हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र, स्व-सहायता समूहों के चेक तथा मुद्रा योजना के चेक भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसमें प्रदेश की बहन-बेटियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने बताया कि जून 2023 से फरवरी 2026 तक योजना की 33 किश्तों के माध्यम से 54,140 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में सीधे ट्रांसफर किए जा चुके हैं। नवंबर 2025 से मासिक सहायता में 250 रुपये की वृद्धि के बाद अब पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लाड़ली बहना योजना को केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि महिलाओं को कौशल उन्नयन, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।
विकास कार्यों की भी दी सौगात
मुख्यमंत्री ने बताया कि भितरवार क्षेत्र में 122 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई है। इसमें 40 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण और एक नए पुल का भूमिपूजन शामिल है। डबरा के जौरासी गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मारक के दूसरे चरण के लिए 12.5 हजार करोड़ रुपये के कार्य का भूमि पूजन प्रस्तावित है। कुलैथ, डबरा और मुरार में 50-50 सीट के बालक-बालिका छात्रावास बनाए जा रहे हैं। आईएसबीटी के पास 7 करोड़ रुपये की लागत से श्रमिक विश्रामगृह का निर्माण भी किया जा रहा है।


