लोकमत सत्याग्रह/सांसद भारत सिंह कुशवाह ने लोकसभा में ग्वालियर स्टेशन का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने की मांग उठाई। साथ ही नई रेल लाइन और ग्वालियर-भोपाल के बीच स्लीपर वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की मांग भी की।
भारत सिंह कुशवाह ने लोकसभा में रेल बजट 2026-27 पर चर्चा के दौरान ग्वालियर क्षेत्र से जुड़ी अहम मांगें उठाईं। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने ग्वालियर के विकास और कनेक्टिविटी से जुड़े मुद्दे रखे। भारत सिंह कुशवाह ने मांग की कि ग्वालियर रेलवे स्टेशन का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा जाए। उन्होंने बताया कि स्टेशन का 500 करोड़ रुपये से अधिक लागत से पुनर्निर्माण किया जा रहा है। जैसे ही यह मांग सदन में रखी गई, कई सांसदों ने मेज थपथपाकर इसका समर्थन किया।
स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की मांग
यात्रियों की जरूरत को देखते हुए उन्होंने नई दिल्ली से ग्वालियर होते हुए भोपाल तक स्लीपर वंदे भारत ट्रेन चलाने की भी मांग की, जिससे लंबी दूरी की यात्रा अधिक आरामदायक हो सके। भारत सिंह कुशवाह ने रेल बजट में मध्यप्रदेश को मिली सौगातों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से विकसित हो रहा है और ग्वालियर भी इस विकास का अहम हिस्सा बन रहा है।


