लोकमत सत्याग्रह/मध्यप्रदेश में त्योहारों को देखते हुए पुलिस विभाग अलर्ट हो गया है और सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां फिलहाल रद्द कर दी गई हैं। अब केवल जरूरी हालात में ही अधिकारियों की अनुमति से अवकाश मिल सकेगा।
मध्यप्रदेश में आगामी प्रमुख धार्मिक त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल से जारी आदेश के अनुसार प्रदेशभर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश (छुट्टियों) पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। जारी आदेश में कहा गया है कि प्रदेश में आने वाले समय में प्रमुख धार्मिक त्योहार पड़ रहे हैं। ऐसे में सांप्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को बनाए रखना प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश अगले आदेश तक निरस्त कर दिए गए हैं।
विशेष परिस्थितियों में मिलेगी छुट्टी
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी कर्मचारी को अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में अवकाश की जरूरत होती है, तो संबंधित पुलिस अधीक्षक या जोनल पुलिस महानिरीक्षक सीमित अवधि के लिए छुट्टी स्वीकृत कर सकेंगे। वहीं, वरिष्ठ स्तर के मामलों में अवकाश पुलिस महानिदेशक (DGP) की अनुमति से ही मंजूर होगा।
सभी इकाइयों को निर्देश
यह आदेश विशेष शाखा, जोनल आईजी, पुलिस कमिश्नर भोपाल-इंदौर, जिला पुलिस अधीक्षकों और रेल पुलिस सहित सभी इकाइयों को भेजा गया है, ताकि पूरे प्रदेश में एक समान रूप से इसका पालन सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस मुख्यालय के आदेश से साफ है कि त्योहारों के दौरान प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


