लोकमत सत्याग्रह/सीतापुर/शुभम अवस्थी की रिपोर्ट
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुआ सुधार, लाइन की चपेट में आकर बंदरों की हो चुकी है मौत
सिधौली/सीतापुर। कस्बा सिधौली के मोहल्ला तुलसी नगर एवं प्रेम नगर में मकानों के समीप से गुजर रही खुली एलटी विद्युत लाइन स्थानीय लोगों के लिए खतरे का कारण बनी हुई है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि विद्युत लाइन मकानों के बेहद नजदीक होने के कारण कई बार करंट मकान की दीवारों और अन्य हिस्सों में उतरने की स्थिति बन जाती है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
मोहल्ला तुलसी नगर निवासी सुनील कुमार मिश्रा पुत्र रामगोपाल मिश्रा के मकान के बगल वाली गली से होकर बिजली के मीटर की लाइन निकली हुई है। बताया गया कि लाइन खुली होने के साथ ही मकान के संपर्क में आने के कारण बारिश अथवा नमी के दौरान स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण हो जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार लाइन की चपेट में आकर कई बार बंदरों की मौत भी हो चुकी है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों एवं संबंधित इंजीनियरों को मौखिक रूप से सूचना देने के साथ ही प्रार्थना पत्र देकर भी अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक विद्युत लाइन को सुरक्षित करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तुलसी नगर और प्रेम नगर में बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं। खुले तार मकानों के संपर्क में होने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि यदि समय रहते लाइन को दुरुस्त नहीं किया गया तो किसी भी समय गंभीर विद्युत दुर्घटना हो सकती है।
मोहल्लेवासियों ने उपखंड सिधौली के विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर खुली एलटी लाइन को सुरक्षित कराया जाए अथवा आवश्यकता के अनुसार लाइन को मकानों से दूर हटाया जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

