ग्वालियर में आधी रात खूनी संघर्ष: रुपयों के लेनदेन पर बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग, दो युवकों को लगी गोली

लोकमत सत्याग्रह / ग्वालियर

ग्वालियर। उपनगर के हजीरा थाना क्षेत्र स्थित आरामिल (कांच मिल) इलाके में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 11:30 बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। पैसों के मामूली लेनदेन को लेकर हुए विवाद में काले रंग की बोलेरो गाड़ी से आए तीन बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक के पेट में और दूसरे के पैर में गोली लगी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत नाजुक बनी हुई है।

सों के विवाद में हुई कहासुनी, फिर चलने लगीं गोलियां

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कांच मिल निवासी धीरज तोमर, अजय तोमर और लल्ला गुर्जर का क्षेत्र के ही अन्नू तोमर और सादिक खान से पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। बुधवार रात करीब 11:30 बजे धीरज, अजय और लल्ला गुर्जर काले रंग की बोलेरो कार में सवार होकर आरामिल इलाके में पहुंचे। वहां दोनों पक्षों का आमना-सामना हुआ और बातचीत के दौरान बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने सीधे हथियार निकाल लिए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

झगड़ा देखने बाहर निकले युवक के पेट में धंसी गोली

वारदात के दौरान एक बेहद चौंकाने वाली बात सामने आई। घायल अजय के मुताबिक, वह रात को अपने घर के बाहर ही खड़ा था। जब उसने गली में शोर-शराबा और विवाद होते देखा, तो वह मामला समझने के लिए थोड़ा आगे बढ़ा ही था कि अचानक बदमाशों द्वारा चलाई गई एक गोली सीधे उसके पेट में जा धंसी। गोली लगते ही अजय लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वहीं, दूसरी तरफ विवाद में शामिल सादिक खान के पैर में भी गोली लगी है। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर अपनी तेज रफ्तार बोलेरो कार सहित मौके से फरार हो गए।

CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात, पुलिस दे रही दबिश

हजीरा थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं, जिसमें फायरिंग का लाइव वीडियो और आरोपियों की मौजूदगी (धीरज तोमर, अजय तोमर और लल्ला गुर्जर) साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने घायलों की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर) सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और शहर भर में नाकाबंदी कर चेकिंग बढ़ा दी गई है

Leave a Reply