ग्वालियर में एजी ऑफिस रोड का चौड़ीकरण इसी सप्ताह से शुरू, झांसी रोड थाने के पास अटका 350 मीटर काम

लोकमत सत्याग्रह/माधव नगर की ओर व्हाइट टॉपिंग का काम नहीं होगा, क्योंकि यह सड़क अभी नगर निगम के गारंटी पीरियड में है।

ग्वालियर। एजी ऑफिस से विवेकानंद चौराहा तक सड़क के बाईं ओर करीब 12 फीट चौड़ीकरण का काम इस सप्ताह शुरू होगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के भोपाल स्थित मुख्यालय से इसके लिए सक्षम स्वीकृति मिल गई है। माधव नगर की ओर व्हाइट टॉपिंग का काम नहीं होगा, क्योंकि यह सड़क अभी नगर निगम के गारंटी पीरियड में है। इस मद में बची राशि से चौड़ीकरण किया जाएगा।

बची राशि से चौड़ीकरण की मांगी गई है स्वीकृति

पीडब्ल्यूडी के तत्कालीन अधिकारियों ने व्हाइट टापिंग सड़क का एस्टीमेट बनाते समय कागजों में ही चौड़ाई का हिसाब तय किया था। निर्माण शुरू होने पर मौके पर करीब तीन से चार फीट जगह कम पाई गई। कई स्थानों पर यह कमी छह फीट से भी अधिक है। इस कमी को पूरा करने के लिए माधव नगर की ओर नगर निगम के गारंटी पीरियड वाली सड़क को एस्टीमेट से अलग रखा गया, जिससे विभाग के पास राशि बची। इसी राशि से चौड़ीकरण की स्वीकृति मांगी गई थी।

रिपोर्ट के बाद होगा झांसी रोड थाने के पास काम का फैसला

नाका चंद्रवदनी से विक्की फैक्ट्री के बीच झांसी रोड थाने के सामने 350 मीटर सड़क का काम काम्पैक्शन रिपोर्ट नहीं आने से रुका हुआ है। नगर निगम ने अपनी ओर से काम्पैक्शन की ओके रिपोर्ट पीडब्ल्यूडी को दी थी, लेकिन ठेकेदार ने विभाग से अपनी ओर से रिपोर्ट देने को कहा है। यह रिपोर्ट सोमवार को मिलने की उम्मीद है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।

तकनीकी समस्याओं से अटका है काम

सड़क का निर्माण 16 करोड़ रुपये की लागत से होना है। एजी ऑफिस पुल से नाका चंद्रवदनी होते हुए विक्की फैक्ट्री तक साढ़े चार किमी लंबी सड़क तैयार की जा रही है। तकनीकी समस्याओं के चलते कई महीनों से काम अटका है। इससे रोज सैकड़ों वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। एजी पुल की ओर सड़क का स्तर ऊंचा-नीचा होने से हादसे की आशंका बनी रहती है।

एजी ऑफिस से विवेकानंद चौराहा तक सड़क चौड़ी करने का काम इस सप्ताह शुरू होगा। झांसी रोड थाने की ओर सीवर लाइन डालने के बाद काम्पैक्शन रिपोर्ट सोमवार तक आ जाएगी। इसके बाद निर्माण को लेकर निर्णय लिया जाएगा। -राकेश उपाध्याय, कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्यूडी।

Leave a Reply