लोकमत सत्याग्रह/ग्वालियर में मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी अमित हवलानी, उनकी पत्नी और पिता व्यापारियों से उधार में सामान लेकर बिना भुगतान किए गायब हो गए। इंदरगंज पुलिस लोकेशन ट्रेस कर रही है।
ग्वालियर। मोबाइल और इलेक्ट्रानिक सामान का कारोबार करने वाले व्यापारियों ने दो मोबाइल प्लस एवं स्मार्ट जोन के संचालक अमित हवलानी, उनकी पत्नी कनिका हवलानी और पिता मोतीलाल हवलानी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की शिकायत इंंदरगंज थाने में की है।
व्यापारियों का आरोप है कि तीनों ने अलग-अलग फर्मों के माध्यम से उनसे क्रेडिट पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान लिया, लेकिन उसका भुगतान किए बिना सामान लेकर गायब हो गए।पुलिस अब संदेही व्यापारी के मोबाइल को ट्रेस कर उस तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
ये है मामला
शिकायत के अनुसार, व्यापारी विभिन्न कंपनियों के माध्यम से मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की सप्लाई करते हैं। अमित हवलानी और उनके परिजन ने व्यापारियों से उधार में सामान लिया था। इस दौरान भरोसा दिलाया गया था कि सामान की बिक्री नहीं होने पर उसे वापस कर दिया जाएगा। व्यापारियों का कहना है कि उनके पास सामान की सप्लाई और बकाया भुगतान से संबंधित बिल भी उपलब्ध हैं।
इनसे लिया माल
मारुति कम्युनिकेशन, मोहित इंटरप्राइजेज, श्री राधिका एजेंसी, साईं कृपा मोबाइल, गुलाब मोबाइल, अरिहंत इंटरप्राइजेज, आदिनाथ मार्केटिंग, बजाज फाइनेंस, एचपी टेलीकॉम, नित्या ट्रेडर्स, अग्रवाल मोबाइल और गोस्वामी मोबाइल सहित अन्य नाम शामिल हैं।
सामान्य परिवार से था
समाधिया कालोनी निवासी अमित के नजदीकी लोगों ने बताया कि संदेही समाधिया कॉलोनी में निवास करता है। सामान्य परिवार से आता था। उसके तीन भाई हैं। एक भाई होजरी की दुकान पर नौकरी करता है, लेकिन झांकी दिखाकर उसने कई व्यापारियों से माल पैसा लिया और शोक महंगे थे। उसके गायब होने के बाद उसके शिकार बने और व्यापारी सामने आ सकते हैं।

