ग्वालियर में मौसम का दोहरा मिजाज, रात का पारा 12.8 डिग्री लुढ़का पर दिन में चटक धूप

लोकमत सत्याग्रह/तापमान के साथ वातावरण में नमी का अंतर भी मौसम के दोहरे मिजाज को दिखा रहा है।

ग्वालियर। शहर में मौसम का मिजाज दोहरा बना हुआ है। दोपहर में चटक धूप के कारण गर्मी का अहसास बरकरार है, जबकि न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट से शाम से रात और सुबह तक ठंड बढ़ने लगी है यानी दिन में भटकी सर्दी सांझ ढलने पर वापस आ जाती है। पिछले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 12.8 डिग्री पर आ गया है यानी रात के तापमान में 3.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इसके विपरीत अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री और अधिकतम 30 डिग्री रहा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 13.8 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री दर्ज हुआ। बुधवार को रात का पारा और गिरकर 12.8 डिग्री पर आ गया। तीन दिनों में रात के तापमान में लगातार गिरावट से सुबह और देर रात ठंड का असर बढ़ रहा है।

सुबह नमी 90 प्रतिशत, दिन में घटकर 54 प्रतिशत

तापमान के साथ वातावरण में नमी का अंतर भी मौसम के दोहरे मिजाज को दिखा रहा है। सोमवार सुबह सापेक्ष आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई, जो मंगलवार को 87 और बुधवार को 82 प्रतिशत रही। वहीं दिन में यह घटकर बुधवार को 54 प्रतिशत पर पहुंच गई। सुबह अधिक नमी और कम तापमान के कारण ठंडक महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में धूप निकलने से मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है।

दोपहर में 29 से 30 डिग्री के बीच तापमान

दिन के तापमान में पिछले तीन दिनों के दौरान कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। सोमवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री, मंगलवार को 29.7 और बुधवार को 29.9 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसे में सुबह गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में सामान्य कपड़ों में भी गर्मी का अहसास हो रहा है।

Leave a Reply