लोकमत सत्याग्रह/पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त कर फरार बदमाशों, वारंटियों और जिला बदर आरोपियों की तलाश की। उनके घरों पर पहुंचकर भी जांच की गई।
ग्वालियर। त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए ग्वालियर पुलिस ने रविवार-सोमवार की दरमियानी रात शहर और देहात में कॉम्बिंग गश्त की। इस दौरान पुलिस ने 207 वारंटियों को गिरफ्तार कर उनके वारंट तामील कराए।
इनमें 106 स्थाई और 101 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। साथ ही 133 गुंडों और 129 हिस्ट्रीशीटरों समेत कुल 262 बदमाशों की जांच की गई। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में एक इनामी बदमाश को भी गिरफ्तार किया गया।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक कुबेर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
प्रभारी पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवेश सिंह बघेल सहित जिले के राजपत्रित अधिकारियों ने थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला। पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त कर फरार बदमाशों, वारंटियों और जिला बदर आरोपियों की तलाश की। उनके घरों पर पहुंचकर भी जांच की गई।
होटल, ढाबों और संदिग्ध वाहनों की जांच
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने बैंक-एटीएम, होटल, लॉज, धर्मशाला और ढाबों की जांच की। संवेदनशील इलाकों में गश्त के साथ संदिग्ध वाहनों और मुंह बांधकर दोपहिया वाहन चलाने वालों की भी चेकिंग की गई। जेल से रिहा होकर आए आरोपितों की गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई गई।
अवैध शराब और जुए के मामले दर्ज
कार्रवाई के दौरान करहिया थाना क्षेत्र में अवैध शराब के दो प्रकरण और ग्वालियर थाना क्षेत्र में जुए का एक प्रकरण दर्ज किया गया। इसके अलावा तीन लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने सक्रिय बदमाशों के रिकॉर्ड अपडेट करने के साथ उन्हें आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी भी दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

