लोकमत सत्याग्रह त्योहारी सीजन में शक्कर की कीमतों में भारी उछाल आया है। फुटकर बाजार में शक्कर 60-65 रुपये किलो तक बिक रही है, जिससे आम आदमी का रसोई बजट बिगड़ गया है।
ग्वालियर। त्योहारों की तैयारी के बीच शक्कर की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है। नवरात्र से दीपावली तक घरों में मिठाइयां, पकवान और प्रसाद बनाने की परंपरा है, लेकिन इस बार इनकी मिठास जेब पर भारी पड़ सकती है।
शक्कर के दाम तीन दिन में करीब 500-600 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गए हैं। थोक भाव 5100 से 5200 रुपये से बढ़कर 5600 से 6600 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं। फुटकर बाजार में शक्कर 60 से 65 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
गृहिणियों का रसोई बजट बिगड़ा
महंगाई का असर रोजमर्रा के घरेलू खर्च पर भी पड़ रहा है। चाय से लेकर खीर, हलवा और अन्य मीठे व्यंजनों में इस्तेमाल होने वाली शक्कर महंगी होने से गृहिणियों को रसोई का बजट संभालने में मुश्किल हो रही है। पहले से बढ़ती खाद्य वस्तुओं की कीमतों के बीच शक्कर के दाम बढ़ने से त्योहार की खरीदारी का खर्च भी बढ़ने की आशंका है।
मिठाइयां भी हो सकती हैं महंगी
- त्योहारी सीजन में मिठाई की दुकानों पर मांग बढ़ने लगती है। शक्कर की कीमतों में तेजी से मिठाई कारोबारियों की उत्पादन लागत बढ़ रही है। यदि दाम इसी तरह बढ़ते रहे, तो मिठाइयों की कीमतों पर भी इसका असर पड़ सकता है। इससे ग्राहकों को त्योहार पर मिठाई खरीदने के लिए अधिक राशि खर्च करनी पड़ सकती है। कारोबारी शिव
कुमार शर्मा के अनुसार, बाजार में शक्कर की आवक सीमित है और संभवत: आपूर्ति प्रभावित होने के कारण पर्याप्त माल नहीं पहुंच रहा है। खेरिज किराना व्यवसायी नितेश द्विवेदी ने फुटकर भाव 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने की आशंका जताई है। ऐसे में दीपावली से पहले शक्कर की कीमतों में राहत नहीं मिली, तो आम लोगों के लिए त्योहार की मिठास महंगी पड़ सकती है।
पैकिट बंद शक्कर भी मंहगी
शहर में ड्राप शिपिंग कंपनियाें और ब्रांडेड कंपनियों से मिलने वाली शक्कर भी मंहगाई में छलांग मार रही है। खैरिज तौर पर मिलने वाली शक्कर जहां 65 से 70 रुपए प्रति किलो है वहीं कंपनियों की ब्रांडिंग वाली शक्कर का एक किलो का पैकिट बाजार में 75 से 85 रुपए प्रति किलो तक मिल रही है। कुछ विशेष गुणवत्ता का दावा करने वाली शक्कर के एक किलो के पैकिट 100 रुपए से 120 रुपए प्रति किलो है।

