नवरात्रि आयोजनों की सुरक्षा मजबूत करे प्रशासन, विहिप ने सौंपा ज्ञापन

लोकमत सत्याग्रह /संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, धार्मिक स्थलों के आसपास मांस-मदिरा की बिक्री पर नियंत्रण की मांग

धौलपुर (दीपू वर्मा) आगामी नवरात्रि एवं धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) धौलपुर ने जिला पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष गंभीर सिंह परमार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में माता के पंडालों, गरबा-डांडिया कार्यक्रमों और अन्य धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई।

जिला अध्यक्ष गंभीर सिंह परमार ने कहा कि जिले में जहां भी माता के पंडाल और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हों, वहां आयोजकों द्वारा प्रवेश व्यवस्था एवं पहचान सत्यापन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरते, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में बजरंग दल के कार्यकर्ता प्रशासन का सहयोग करेंगे।

जिला सहमंत्री मनोज सोनी ने बताया कि जयपुर प्रांत अध्यक्ष सुभद्र पापड़ीवाल के निर्देशानुसार प्रशासन से नवरात्रि के दौरान धार्मिक स्थलों एवं आयोजन स्थलों के आसपास मांस-मदिरा की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण रखने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।

विहिप के राम शर्मा ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में अश्लीलता एवं फूहड़ता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रमों पर प्रशासन निगरानी रखे। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में स्थापित माता के पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग ले सकें।

वहीं, बजरंग दल जिला संयोजक नरेश कुमार ने पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संवेदनशील परिस्थितियों और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल प्रशासन तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।

विहिप पदाधिकारियों ने प्रशासन से नवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की।

Leave a Reply