मुंबई में कारोबारी के घर एक करोड़ से अधिक की चोरी, ग्वालियर के गिरवाई क्षेत्र के नौकर पर मामला दर्ज

लोकमत सत्याग्रह/नौकर घर से 25 तोला सोना, करीब तीन किलो चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गया।

ग्वालियर। मुंबई के मुलुंड इलाके में एक कारोबारी के घर पर नौकरी करने वाले नौकर ने ही करोड़ों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। नौकर घर से 25 तोला सोना, करीब तीन किलो चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गया। इस घटना के तार ग्वालियर से जुड़ गए हैं।

पंकज मेहता स्कूल ड्रेस बनाने का करते हैं कारोबार

जानकारी के अनुसार, मुलुंड निवासी पंकज मेहता स्कूल ड्रेस बनाने का व्यापार करते हैं। घर के घरेलू कामकाज में मदद के लिए उन्होंने इसी साल जुलाई के महीने में ‘तन्मय मेड सर्विस’ एजेंसी से संपर्क किया था। एजेंसी के संचालक निरंजन वर्मा ने अपने भांजे श्लोक निवासी ग्वालियर को उनके घर पर काम पर रखवाया था।

शुरुआती कुछ महीनों में श्लोक ने अपने सीधे-साधे स्वभाव और काम से मेहता परिवार का पूरी तरह भरोसा जीत लिया था।

वह धीरे-धीरे घर के कामकाज में इतना घुल-मिल गया कि परिवार का एक भरोसेमंद सदस्य बन बैठा, जिसका फायदा उसने घर की गोपनीय जानकारियां जुटाने में उठाया।

मौका पाकर श्लोक ने घर में कर दिया हाथ साफ

बीती 26 और 27 अक्टूबर की दरमियानी रात को मौका पाकर श्लोक घर में रखे लॉकर और अलमारी को खंगालकर 25 तोला सोना, लगभग तीन किलो चांदी और अन्य कीमती सामान चुराकर चुपचाप फरार हो गया। सुबह जब स्वजन की आंख खुली और उन्होंने अलमारी का सामान बिखरा देखा, तो उनके होश उड़ गए। फौरन घटना की सूचना मुलुंड पुलिस थाने को दी गई।

फुटेज के आधार पर पुलिस ने श्लोक पर किया मामला दर्ज

मौके पर पहुंची पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें आरोपी श्लोक एक भारी-भरकम बैग लेकर तेजी से संदिग्ध हालात में जाते हुए साफ नजर आया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी श्लोक मूल रूप से ग्वालियर स्थित अचलेश्वर नगर (सिकंदर कंपू, थाना गिरवाई) का रहने वाला है।

इस सिलसिले में ग्वालियर के गिरवाई थाना प्रभारी सुरेन्द्र नाथसिंह यादव ने बताया कि मुंबई पुलिस की ओर से मोबाइल पर इस वारदात की आधिकारिक सूचना साझा की गई है।

Leave a Reply