लोकमत सत्याग्रह/झांसी मंडल ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ग्वालियर। इंटरनेट मीडिया पर लोकप्रियता और अधिक व्यूज पाने की होड़ अब रेलवे परिसर में वीडियो बनाने वालों को भारी पड़ सकती है। रेलवे स्टेशन, ट्रेन और पटरियों पर रील या व्लाग बनाने के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों पर झांसी मंडल ने कार्रवाई की चेतावनी दी है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश, खतरनाक स्टंट और अनधिकृत शूटिंग करने वालों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, इंटरनेट मीडिया पर कुछ यूट्यूब चैनलों और अन्य मंचों के माध्यम से रेल परिचालन से जुड़ी सामग्री वायरल की जा रही है। इनमें कई बार अधूरी जानकारी, भ्रामक दावे और तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जाता है।

