लोकमत सत्याग्रह/धौलपुर/ दीपू वर्मा
निहालगंज, कोतवाली और सदर थाना पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर से की जांच, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के साथ दी समझाइश
धौलपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में देर शाम धौलपुर जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत निहालगंज थाना पुलिस, कोतवाली थाना पुलिस और सदर थाना पुलिस ने वाहन चालकों की जांच की।
पुलिस टीमों ने ब्रेथ एनालाइजर की सहायता से वाहन चालकों की जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नजर रखी। जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को समझाइश देकर यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों को बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क पर चलने वाले सभी लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। शराब के सेवन के बाद वाहन चलाने से बचना चाहिए और यातायात नियमों का जिम्मेदारी से पालन करना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। धौलपुर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
धौलपुर पुलिस की अपील: नशे में वाहन न चलाएं, अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखें।

