शिवपुरी से आज लाड़ली बहना की किस्त जारी करेंगे सीएम, कुलैथ में पशु मेले में होंगे शामिल

लोकमत सत्याग्रह/सीएम लाड़ली बहना की किस्त जारी करने के बाद दोपहर करीब 2.45 बजे ग्वालियर के कुलैथ पहुंचेंगे और वहां पर आयोजित विशाल पशुपालक सम्मेलन में शामिल होंगे।

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज यानी शुक्रवार 13 नवंबर को शिवपुरी के पिछोर से लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त जारी करेंगे। इसके बाद सीएम के मुख्य आतिथ्य में ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में विशाल पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेले का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री कुलैथ में 2.45 बजे पहुंचेंगे। प्रदेश में मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष में यह सम्मेलन उन्नत पशुपालन एवं कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित हो रहा है।

भारतीय संस्कृति एवं ग्रामीण परंपराओं के अनुरूप कन्हैया लोकगीत, बैलगाड़ी दौड़ व घुड़दौड़ जैसे आयोजन इस सम्मेलन को उत्सव का स्वरूप प्रदान करेंगे। साथ ही उन्नत पशुपालन पर केंद्रित प्रदर्शनी व उत्कृष्ट नस्लों के गोवंश व भैंसवंशी पशुओं का मेला भी मुख्य आकर्षण होंगे।

2.45 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे सीएम

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री रोड शो से किसानों का अभिवादन करते हुए अपराह्न लगभग 2.45 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। कार्यक्रम में मौजूद पशुपालकों व किसानों का आत्मीय स्वागत करेंगे। कन्हैया लोकगीतों का आनंद लेने के बाद मुख्यमंत्री विशाल पशुपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान व प्रभारी एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने गुरुवार को कुलैथ पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

शिवपुरी के पिछोर से सीएम लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त करेंगे जारी

  • कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 13 नवंबर को दोपहर लगभग 12.20 बजे हेलीकाप्टर द्वारा शिवपुरी जिले के पिछोर कस्बे में पहुंचेंगे।
  • राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की एक करोड़ 24 लाख 81 हजार बहनों के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त के रूप में 1831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की धनराशि सिंगल क्लिक के जरिए अंतरित करेंगे।

इसके बाद दोपहर लगभग 2.45 बजे कुलैथ पहुंचेंगे और यहां पर आयोजित विशाल पशुपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। वे शाम 4.30 बजे विमानतल महाराजपुरा पहुंचेंगे।

Leave a Reply