शीतला माता मंदिर की ड्यूटी पर उठे सवाल, ट्रक ड्राइवर के खुलासे ने चौंकाया; समझें श्रद्धालुओं को कुचलने की पूरी इनसाइड स्टोरी

लोकमत सत्याग्रह/ग्वालियर मंदिर हादसे में पुलिस लापरवाही की जांच शुरू हो गई है। गिरफ्तार चालक ने बताया कि दूसरे ड्राइवर के बताए ‘चोर रास्ते’ पर ढलान में ओवरलोड ट्रक के ब्रेक फेल हुए थे।

ग्वालियर: शीतला माता मंदिर पर हुए हादसे को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। यहां 17-18 अक्टूबर की दरमियानी रात चीनोर की तरफ से ट्रक मंदिर तक कैसे पहुंच गया और उसे रास्ते में क्यों नहीं रोका गया, इस गंभीर सवाल को लेकर उच्च स्तरीय जांच की जा रही है। इसके दायरे में मेला ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और जवानों का पूरा चार्ट रखा गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किसकी किस स्तर पर लापरवाही रही।

क्या थी ड्यूटी व्यवस्था और किसकी क्या थी जिम्मेदारी

मेले के लिए जारी आधिकारिक ड्यूटी चार्ट के अनुसार, 11 से 19 अक्टूबर तक चलने वाले इस मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना थी। इसे देखते हुए सप्तमी, अष्टमी और नवमी के विशेष अवसरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और मंदिर पर तीन पालियों में पुलिस बल की मौजूदगी अनिवार्य की गई थी।

तोड़ा चौराहा पार्किंग

प्रथम पाली: यातायात थाने के एएसआइ व आरोन थाने के आरक्षक।

द्वितीय पाली: यातायात थाने के एएसआइ व भंवरपुरा थाने के आरक्षक।

समग्र पर्यवेक्षण: एएसपी शिवेष सिंह बघेल सम्पूर्ण व्यवस्था के पर्यवेक्षणकर्ता अधिकारी थे।

1. सुबह सात से दोपहर तीन की पाली

प्रभारी अधिकारी: एसडीओपी घाटीगांव, शैलेन्द्र शर्मा।

सहयोगी अधिकारी: भितरवार थाना टीआइ दीपेन्द्र सिंह कुशवाह और पुलिस लाइन के निरीक्षक शिवकुमार शर्मा।

मार्ग सुरक्षा (डबरा-चीनोर रोड से मंदिर का मुख्य द्वार): जनकगंज थाने के एएसआइ भूपेन्द्र कटारे सहित अन्य पुलिसकर्मी।

2. दोपहर तीन से रात 11 बजे तक की पाली

प्रभारी अधिकारी: एसडीओपी भितरवार, गगन हनवत।

सहयोगी अधिकारी: तत्कालीन आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा और पुलिस लाइन के टीआइ देवेन्द्र मिश्रा।

मार्ग सुरक्षा: माधौगंज थाने के एएसआइ गौतम सेन।

3. 11 से सुबह सात बजे तक की पाली

प्रभारी अधिकारी: तिघरा थाना प्रभारी, शिवराम कंसाना।

मार्ग सुरक्षा: जनकगंज थाने के एक हवलदार और तीन पुलिसकर्मी।

यातायात और पार्किंग व्यवस्था का जिम्मा

भीड़भाड़ वाले इस मेले में ट्रैफिक नियंत्रण और पार्किंग के लिए भी विशेष बल तैनात किया गया था।

पर्यवेक्षण अधिकारी: यातायात डीएसपी अजीत सिंह चौहान (यातायात और पार्किंग व्यवस्था के प्रभारी)।

मेला यातायात व्यवस्था (बस स्टैंड और चीनोर पार्किंग): कंपू यातायात थाना टीआइ अखिल नागर।

ट्रक चालक का कबूलनामा

  • ट्रक चालक दिलबाग सिंह ने पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले राज खोले हैं। चालक ने बताया कि उसका ट्रक ओवरलोड था। रास्ते में एक जगह ऊंचाई होने के कारण ट्रक वहां से नहीं निकल सकता था। उसके आगे एक अन्य ट्रक चल रहा था, जिसका चालक इस चोर रास्ते से अच्छी तरह वाकिफ था।
  • उसी ने दिलबाग सिंह को इस रास्ते पर चलने के लिए कहा था। वह आगे-आगे वाहन लेकर चल रहा था। आगे भीड़ होने पर जब आगे वाले चालक ने गाड़ी रोकी, तो ढलान पर दिलबाग सिंह के ट्रक का ब्रेक सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया। वह अनियंत्रित होकर भीड़ को रौंदता चला गया।

अब पुलिस उस आगे वाले अज्ञात ट्रक चालक की तलाश कर रही है, जिसे इस मामले में सह-आरोपी बनाया जाएगा।

Leave a Reply