लोकमत सत्याग्रह/शीतला माता मंदिर हादसे के बाद ग्वालियर प्रशासन अलर्ट है। आगामी त्योहारों पर भीड़ प्रबंधन, बिजली और सुरक्षा के लिए पहले से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सीएम ने भी सख्त निर्देश दिए हैं।
, ग्वालियर: शीतला माता मंदिर पर हुए भीषण हादसे के बाद अब जिला प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। त्यौहारी सीजन है और आगामी आने वाले दिनों में बड़े त्यौहार आ रहे हैं जिसमें धनतेरस दीपावली अगले माह हैं। इस बार पहले से ही इन त्यौहारों को लेकर बाजार से लेकर अलग अलग स्थानों पर निगरानी, नियंत्रण की तैयारी शुरू कर दी गई है।
बिजली कंपनी से लेकर नगर निगम जैसी एजेंसियों को पहले से ही अलर्ट किया जा रहा है वे ऐसे स्थानों पर व्यवस्थाएं पहले ही सुनिश्चित कर लें जहां भीड़ भाड़ अधिक रहती है। इस तैयारी के पीछे मूल मकसद भीड़ प्रबंधन करना है जिससे किसी भी तरह भीड़ में अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
शीतला मंदिर हादसे के बाद इसी माह तैयारी में अधिकारी लग गए हैं, सामान्यत: बड़े त्यौहार से चार पांच दिन पहले यह तैयारियां की जाती थीं। वहीं बुधवार को सीएम ने भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान जिलों के अधिकारियों को अलर्ट किया है और निर्देश दिए हैं त्यौहारों पर कानून व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई चूक नहीं होना चाहिए इसके लिए कलेक्टर व एसपी जिम्मेदार होंगे।
चूक के बाद बढ़ी चौकसी
- बता दें शीतला माता मंदिर पर पिछले शनिवार की रात बड़ा हादसा हो गया जिसमें 16 की मौत हो चुकी है। कई घायलों का इलाज चल रहा है। शीतला माता मंदिर पर हर साल नवरात्र को लेकर पहले से तैयारियां की जातीं हैं और इस बार भी की गईं थीं।
पड़वा से पहले ही प्रशासन व पुलिस अधिकारियों से लेकर संबंधित एजेंसियाें के साथ बैठक हुई थी और सभी व्यवस्थाओं को तय किया गया था लेकिन इसके बाद भी चूक हुई और ट्रक नो एंट्री में घुस आया। इस हादसे के बाद अब अधिकारी पहले से तैयारियां करना व सभी को अपने दायित्व सुनिश्चित कराने की कार्यवाही में लग गए हैं।
भीड़-भाड़ वाली जगह न हो परेशानी
त्यौहार के दौरान ऐसे स्थान जैसे बाजार, आतिशबाजी मेले, फुटपाथ कारोबार वाले स्थान से लेकर सार्वजनिक स्थलों पर सड़क, बिजली व रोशनी से लेकर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था हो, इसको लेकर संबंधित एजेंसियों को अलर्ट किया जा रहा है। दीपावली त्यौहार से पहले के दिनों में बाजारों में काफी भीड़ भी रहती है।

