लोकमत सत्याग्रह के लिए खरगोन जिले से राजा गोखले की खास रिपोर्ट

खरगोन जिले के महेश्वर तहसील के मंडलेश्वर नगर के मुख्य मार्ग को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा योजना के तहत डिवाइडर निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। सब्जी मंडी से अबेडकर चौराहे तक करीब 400 मीटर लंबाई में बनने वाले डिवाइडर के साथ लोहे की जालियां और विद्युत पोल भी लगाए जाएंगे। बुधवार रात करीब 9 बजे नगर परिषद अध्यक्ष विश्वदीप मोयदे ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मौके पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधितों को निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार करने तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य को समय सीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया।
अध्यक्ष मोयदे ने बताया कि सड़क सुरक्षा योजना के अंतर्गत डिवाइडर निर्माण के लिए शासन से राशि प्राप्त हुई है। इसी के तहत नगर के प्रमुख मार्ग पर यह कार्य किया जा रहा है। डिवाइडर बनने से मुख्य मार्ग पर यातायात को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी और वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी।
परियोजना के तहत मार्ग पर विद्युत व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा। करीब 50 फीट की दूरी पर विद्युत पोल लगाए जाएंगे। कुल 32 पोल प्रस्तावित हैं, जिन पर दोनों दिशाओं में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। आधुनिक केबल व्यवस्था के माध्यम से पूरे मार्ग को रोशन किया जाएगा।
डिवाइडर के मध्य सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मजबूत लोहे की जाली भी लगाई जा रही है। वहीं, प्रमुख चौराहों और आवश्यक कट पॉइंट पर पर्याप्त स्थान छोड़ा जाएगा, ताकि स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को आवागमन के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर परिषद अध्यक्ष विश्वदीप मोयदे ने कहा कि नगर के विकास के साथ यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण पर भी लगातार काम किया जा रहा है। मुख्य मार्ग पर डिवाइडर, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी कार्य पूरे होने के बाद क्षेत्र का स्वरूप अधिक व्यवस्थित नजर आएगा।

