लोकमातसत्याग्रह/भिंड में सोमवार को महिला बाल विकास की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक एवं परियोजना अधिकारी संघ के बैनर तले हजारों की संख्या में ग्वालियर चंबल संभाग के 8 जिलों से विभाग की कार्यकर्ता, सीडीपीओ और पर्यवेक्षक एकत्रित हुए। वे भिंड के महिला बाल विकास के डीपीओ अब्दुल गफ्फार के खिलाफ लामबंद है। वे अपनी मांगों को लेकर भिंड कलेक्ट्रेट पर पहुंच रहे हैं। महिला बाल विकास के कर्मचारियों में आक्रोश देखते हुए भिंड कलेक्ट्रेट को छावनी बना दिया गया। यहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई है।
दरअसल, मामला यह है कि पिछले दिनों से प्रांतीय संयुक्त मोर्चा परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षक संघ द्वारा प्रदेश स्तरीय आंदोलन किया जा रहा है। जिसके तहत यह कर्मचारी काम बंद किए हुए विरोध में चल रहे थे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर्यवेक्षक और परियोजना अधिकारियों के काम पर ना होने से भिंड जिले में प्रदेश सरकार की लाडली बहना योजना प्रभावित हो रही है। इसी बात से खफा होकर महिला बाल विकास के डीपीओ अब्दुल गफ्फार ने लहार क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्य से मुक्ति और पर्यवेक्षक के खिलाफ एक्शन लिया हुआ है। इस बात से खफा होकर ग्वालियर चंबल संभाग की आठों जिलों की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पर्यवेक्षक और परियोजना अधिकारी लामबंद हो गए। वे सोमवार को भिंड पहुंचे।
संयुक्त मोर्चा संघ के पदाधिकारियों के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर्यवेक्षक और परियोजना अधिकारी भिंड के मानपुरा स्थित चंचल उत्सव वाटिका में एकत्रित हुए। उन्होंने विरोध जताते हुए प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ एकजुट आवाज उठाइ। वे दोपहर के समय कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना विरोध प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को रखने जा रहे हैं।
कलेक्ट्रेट बना छावनी
महिला बाल विकास के इनफ अधिकारी और कर्मचारियों की एकजुट होकर मांगों को लेकर भिंड के प्रशासनिक अफसरों की सांसें फूल गई। इस विरोध प्रदर्शन को खत्म करने के लिए प्रशासनिक अफसरों ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। कलेक्ट्रेट को चारों तरफ से पुलिस ने घेर रखा है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। बैरीगेट्स लगाकर कार्यकर्ताओं को रोके जाने की योजना बनाई जा चुकी है। आने जाने वालों की तलाशी भी ली जा रही है।
कलेक्टर ने मानी मांगें
महिला बाल विकास के इन कर्मचारियों और अधिकारियों की एकजुटता के चलते भिंड जिला प्रशासन के अफसर बैकफुट पर आ गए हैं। उन्होंने संघ के 10 सदस्य से मुलाकात हुई। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष इंद्र भूषण तिवारी से चर्चा करते हुए विरोध को थामने और मांगों को मानने की बात कही। भिंड कलेक्टर ने महिला बाल विकास के इन लामबंद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर्यवेक्षक और सीडीपीओ की मांगों को जल्द पूरे किए जाने की बात कही जिन लोगों पर डीपीओ द्वारा एक्शन ले जाने के प्रस्ताव तैयार किया गया था उसे भी निरस्त किए जाने का आश्वासन दिया है।
