प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जाने पर इमाम के खिलाफ फतवा:इलियासी बोले- मैंने कोई अपराध नहीं किया, जिन्हें नफरत वो पाकिस्तान चले जाएं

लोकमतसत्याग्रह/22 जनवरी को अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने पर इमाम अहमद इलियासी के खिलाफ फतवा जारी किया गया है। अहमद इलियासी ऑल इंडिया इमाम ऑर्गेनाइजेशन के चीफ हैं।

इस्लामिक धर्मगुरु का दावा है कि, प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जाने के बाद से उन्हें विरोध का सामना करना पड़ रहा है और धमकी भरे फोन आ रहे हैं।

हालांकि इमाम ने कहा- मैंने कोई अपराध नहीं किया है और इस तरह के लोगों से डरने वाले नहीं है। जिन्हें उनसे नफरत हैं उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए। इमाम के मुताबिक, फतवा रविवार (28 जनवरी) को जारी किया गया था।

न्योता मिलने के दो दिन बाद जाने का फैसला किया
अहमद इलियासी ने आगे कहा- मुख्य इमाम के रूप में, मुझे राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से निमंत्रण मिला था। मैंने दो दिनों तक विचार किया और फिर सद्भाव और देश के लिए अयोध्या जाने का फैसला किया। लेकिन तब से मुझे धमकाया जा रहा है।

इलियासी ने कहा- मैंने कुछ कॉल रिकॉर्ड की हैं जिनमें कॉल करने वालों ने मुझे जान से मारने की धमकियां दीं। जो लोग मुझसे प्यार करते हैं, देश से प्यार करते हैं वे मेरा समर्थन करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि वह न तो माफी मांगेंगे और न ही इस्तीफा देंगे और कहा, धमकी देने वाले जो चाहें कर सकते हैं।

हमारा पूजा करने का तरीका अलग लेकिन धर्म इंसानियत का है
22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के वक्त इलियासी ने कहा था, उनका काम प्रेम और सद्भाव का संदेश फैलाना है। ये बदलते भारत की तस्वीर है। मैं यहां मोहब्बत का पैगाम लेकर आया हूं। जहां तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि, मेरे साथ स्वामी जी हैं। इसी का नाम भारत है। हमारी इबादत करने के तरीके जरूर अलग हो सकते हैं। पूजा पद्धति जरूर अलग हो सकती है। हमारी आस्थाएं जरूर अलग हो सकती हैं लेकिन हमारा जो सबसे बड़ा धर्म है वो इंसान और इंसानियत का है।

इलियासी ने आगे कहा था कि आओ हम सब मिलकर इंसानियत को बरकरार रखें। हम सबको चाहिए कि हम अपने भारत को मजबूत करें। हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरी है। आज का संदेश नफरत को खत्म करने के लिए है।

प्राण प्रतिष्ठा के बाद सात दिन में करीब 21 लाख लोगों ने रामलला के दर्शन किए हैं। मंदिर का अभी पहले फेज का काम ही पूरा हुआ है, दूसरा फेज भी प्राण प्रतिष्ठा से अगले दिन 23 जनवरी से शुरू हो गया। राम मंदिर बनते वक्त बड़ी-बड़ी क्रेन और हैवी मशीनरी की फोटो सामने आती रही हैं। 

Leave a Reply