निगमायुक्त का दावा-कोई शिकायत नहीं, पार्षद ने बताईं 15, अपर आयुक्त बोले-इस चैंबर की नहीं

लोकमतसत्याग्रह/शहर में सीवर समस्याओं की शिकायतों के निराकरण का सिस्टम अब भी ठीक से काम नहीं कर रहा है। यही कारण है कि शिकायतों को दर्ज करने से लेकर उनके निराकरण तक की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को भी ठीक से नहीं मिल रही है। गत मंगलवार को पार्षद देवेंद्र राठौर को गदाईपुरा में सीवर चैंबर में सफाई के लिए उतरना पड़ा। इस मामले में निगमायुक्त हर्ष सिंह ने दावा किया कि पार्षद ने कोई भी शिकायत नहीं बताई थी, जबकि पार्षद का कहना है कि उन्होंने गत 27 मार्च को अपने वार्ड में सीवर समस्या की 15 शिकायतें दर्ज कराई थीं। सीवर सेल के अमले ने इनमें से तीन शिकायतों का निराकरण 28 मार्च को करा दिया था। अब सीवर सेल द्वारा बाकी जगह की शिकायतों का निराकरण कराने का दावा किया जा रहा है। अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार का कहना है कि जिस चैंबर में पार्षद उतरे थे, उससे संबंधित कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी।

वार्ड 15 के पार्षद देवेंद्र राठौर मंगलवार को गदाईपुरा इलाके में सीवर समस्या का निराकरण नहीं होने पर चैंबर में उतर गए थे। चैंबर में उतरकर उन्होंने खुद ही सफाई करनी शुरू कर दी और आरोप लगाए थे कि निगमायुक्त सहित अन्य अधिकारी शिकायतों की सुनवाई नहीं करते हैं। आचार संहिता का बहाना बनाकर बताई गई समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। ठेकेदार भी मशीन लाकर काम करने के बजाय टालमटोल का रवैया अपना रहा है। यही कारण है कि वे स्वयं चैंबर में उतरकर सफाई कर रहे हैं। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहु प्रसारित होने के बाद आनन-फानन में अमले को भेजकर सीवर समस्या का निराकरण कराया गया था। बुधवार को वार्ड में विशेष रूप से सीवर चैंबर सफाई के लिए अमला भी भेजा गया। पार्षद देवेंद्र राठौर ने नईदुनिया से बातचीत में कहा कि आचार संहिता की आड़ में पार्षदों द्वारा बताई जा रही समस्याओं को दरकिनार किया जा रहा है। मैं पहले तो सीवर चैंबर में उतरा था, लेकिन अब मैं सीवर का गंदा पानी लेकर निगम मुख्यालय धरना देने के लिए पहुंच जाऊंगा। अधिकारियों से कहूंगा कि वे इस गंदे और बदबूदार पानी के नजदीक बैठें और महसूस करें कि जिन घरों में यह पानी घुस रहा है, वो लोग कैसे रह रहे होंगे।

इन 15 जगहों की थीं शिकायतें

  • प्रजापति गली, मेजर कालोनी
  • गली नंबर चार, श्रीकृष्ण नगर
  • माधवी नगर दीपेश राजपूत की गली
  • लाइन नंबर चार, क्वार्टर नंबर 76
  • लाइन नंबर पांच
  • सोबरन सिकरवार, मां वैष्णोपुरम
  • रमेश राजपूत, मां वैष्णोपुरम
  • लज्जाराम राठौर, महेंद्र नगर
  • टावर के पास, नहर रोड मुर्गी फार्म
  • पंकज नरवरिया, मां वैष्णोपुरम
  • कुशवाह चक्की गली, नहर रोड
  • टावर के पास, मां वैष्णोपुरम
  • सुनील सिंह तोमर, मां वैष्णोपुरम

उस चैंबर की नहीं थी शिकायत

पार्षद देवेंद्र राठौर द्वारा जो शिकायतें पूर्व में बताई गई थीं, उनका निराकरण तत्काल करा दिया गया था। गदाईपुरा के जिस चैंबर में उतरकर उन्होंने सफाई की, उसकी उन्होंने कोई शिकायत नहीं बताई थी। एक दिन पहले ही उसके नजदीक का चैंबर साफ हुआ था, तो हम इसे भी ठीक करा देते।

मुनीष सिंह सिकरवार, अपर आयुक्त

Leave a Reply