‘एमपी में ऐसा मॉडल बना दूंगा कि 25 हजार बसें बिना पैसे के खरीद लेंगे…’, भोपाल में बोले नितिन गडकरी

MP Sugam Parivahan Seva Launch: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत करने के अवसर पर कहा कि मध्य प्रदेश में राज्य परिवहन सेवा का एक दौर ऐसा भी था, जब बसों में घंटी छोड़कर सब बजता था।

 केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत करने के अवसर पर कहा कि मध्य प्रदेश में राज्य परिवहन सेवा का एक दौर ऐसा भी था, जब बसों में घंटी छोड़कर सब बजता था। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि एक हजार लोगों के लिए आठ बसें चाहिए लेकिन हमारे देश में एक हजार लोगों पर केवल दो बसें ही हैं। प्रदेश में 25 हजार इलेक्ट्रिक एसी बसें चलाने की आवश्यकता है।

बोले- मैं तो मध्य प्रदेश में ऐसा मॉडल बना दूंगा कि 25 हजार बसें बिना पैसे के खरीद लेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने सभी सिटी बसों को दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की सुविधा को देखते हुए डिजाइन तैयार किए हैं।

40 से 50 लाख युवाओं को मिलेगा रोजगार

सिटी बसों में हाइड्रोलिक सिस्टम होगा, बस की ऊंचाई कम की जा सकेगी, बुजुर्गों का बसों में चढ़ना आसान होगा। बसों में व्हीलचेयर, रैंप, हैंडल की व्यवस्था होगी। गडकरी ने कैब एग्रीगेटर्स के साथ जुड़ने पर बल दिया। कहा कि राज्य सरकारों को इस दिशा में कार्य करना होगा, मध्य प्रदेश में इस पहल से 40 से 50 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा।

बसों के सुरक्षा मानकों को लेकर नितिन गडकरी ने कहा कि मैनुअल बस बॉडी बिल्डर का पंजीयन अब केवल टेस्टिंग एजेंसी से टाइप अप्रूवल सर्टिफिकेशन प्राप्त करने के बाद किया जाएगा। नए सुरक्षा नियम में हर बस के लिए अलग चेक लिस्ट तैयार की जाएगी और इसे वाहन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा

डीजल पेट्रोल के संकट के दौर में ई-बस बेहतर विकल्प

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डीजल पेट्रोल के संकट के दौर में ई-बस बेहतर विकल्प है। अब तो ट्रैक्टर भी इलेक्ट्रिक चल रहे हैं। आदिवासी अंचल में कठिनाई का माहौल था। टेम्पो जैसे ओवरलोडेड वाहनों में चलते थे। असुरक्षित वाहनों से लोग दुर्घटना का शिकार होते थे। हमारी सरकार जनता की सुविधा के लिए अत्याधुनिक बसें चला रही है। बस में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, पैनिक बटन, यात्री सुरक्षा के साथ ड्राइवरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा है।

लोकपथ ऐप बना नागरिकों के लिए स्मार्ट ट्रैवल पार्टनर

  • प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि लोकपथ ऐप नागरिकों के लिए स्मार्ट ट्रैवल पार्टनर बन गया है। इस पर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बसों की समय सारणी भी उपलब्ध होगी। ऐप गंतव्य, पर्यटन स्थल, टोल नाके, अस्पताल भी दिखाएगा।
  • भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह परिवहन सेवा ग्राम पंचायतों को भी शहरों से जोड़ेगी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, भोपाल के प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, राज्य मंत्री कृष्णा गौर उपस्थित थीं।
  • मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के प्रबंध संचालक मनीष सिंह तथा स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर भोपाल के निदेशक प्रोफेसर डॉ. कैलाश राव एम के बीच एमओयू हुआ।

सुगम परिवहन बस सेवा में ये भी खास

  • प्रदेशभर में आधुनिक बस स्टॉप, बस टर्मिनल, निजी बस ऑपरेटरों के लिए बस डिपो विकसित किए जाएंगे।
  • ऑनलाइन टिकटिंग, ईवी और सीएनजी बसों को प्राथमिकता, पर्यावरण अनुकूल आधुनिक बसें शामिल होंगी।यात्री फीडबैक के आधार पर शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 24×7 कस्टमर केयर सुविधा रहेगी।
  • वर्ष 2029 तक सभी रूटों पर प्रमुख तीर्थस्थलों व महानगरों तक भगवा रंग की बसें दौड़ेंगी।

Leave a Reply