मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में मानसून वापसी की स्थिति बनी हुई है। इस बीच तापमान अधिक होने पर स्थानीय प्रभाव से बौछारें गिरने की संभावना है।
ग्वालियर। कम दबाव के क्षेत्र का असर कम होने के बाद अब शहर में एक बार फिर से चटक धूप अपना असर दिखा रही है। इसी के साथ एक बार फिर तापमान में वृद्धि का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।
इसके चलते लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। लोग गर्मी के चलते पसीना-पसीना होते नजर आए। वहीं घरों में एक बार फिर से एयर कंडीशनर चलाने की नौबत आ गई।
हालांकि, शाम के समय चली तेज हवा ने गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में मानसून वापसी की स्थिति बनी हुई है। इस बीच तापमान अधिक होने पर स्थानीय प्रभाव से बौछारें गिरने की संभावना है।
सोमवार के तापमान में वृद्धि
बीते रविवार तक शहर के आसमान में बादलों की आवाजाही रही,लेकिन सोमवार को आसमान साफ होने से तेज धूप खिल गई।
स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रविवार की तुलना में सोमवार को अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़त के साथ 33.5 डिसे दर्ज किया गया, यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 0.2 डिसे की मामूली बढ़त के साथ 21.8 डिसे दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.1 डिसे कम है।
मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में कम दबाव के क्षेत्र का प्रभाव लगभग समाप्त हो चुका है। इसका अब कोई असर शहर पर नहीं है। मानसून की वापसी रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर गुजर रही है।
बौछारे गिरने की संभावना
एक ट्रफ के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि पूर्वी व उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती घेरे बने हुए हैं। इनका प्रभाव भी शहर पर नहीं होने के कारण अगले 24 घंटों के दौरान स्थानीय प्रभाव से बौछारें गिरने की संभावना जताई गई है।

