AP Express से 85 लाख रुपये की चांदी चोरी होने का दावा, GRP ने शुरू की जांच

लोकमत सत्याग्रह/घटना की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मामला उनके संज्ञान में नहीं होने की बात कही है।

ग्वालियर। एपी एक्सप्रेस में आगरा से नागपुर ले जाई जा रही 53 किलो चांदी चोरी होने का मामला सामने आया है। चांदी की कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है। मुरैना जिले के अंबाह निवासी एक युवक ने ट्रेन के सामान्य कोच से चांदी भरा बैग चोरी होने की शिकायत की है। हालांकि, जीआरपी फिलहाल मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

घटना की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मामला उनके संज्ञान में नहीं होने की बात कही है।

नींद लगने पर किसी ने कर लिया बैग चोरी

जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर को अंबाह निवासी युवक एपी एक्सप्रेस से आगरा से नागपुर जा रहा था। युवक का दावा है कि उसके बैग में 53 किलो चांदी रखी थी। यात्रा के दौरान नींद लगने पर किसी ने बैग चोरी कर लिया। नींद खुलने पर बैग गायब मिला। उसने बीना और मंडीबामौरा रेलवे स्टेशन के बीच वारदात होने की आशंका जताई है। युवक ने पहले भोपाल पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामला बीना जीआरपी तक पहुंचा। युवक ग्वालियर जीआरपी थाने भी पहुंचा, जहां उससे पूछताछ की गई।

दो दिन बाद इसी ट्रेन से मिली थी 133 किलो चांदी

19 अक्टूबर को झांसी में आरपीएफ की अपराध शाखा और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई कर एपी एक्सप्रेस से 133 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए थे। चार बोरों में रखे आभूषणों की कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये थी। इन्हें आगरा की आरके आभूषण फर्म का बताया गया था। चांदी नागपुर ले जाई जा रही थी। हालांकि, दोनों मामलों के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।

ग्वालियर के चोरों पर संदेह, खंगाले जा रहे सीसीटीवी कैमरे

वारदात में ग्वालियर के चोरों की संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है। इसी आधार पर ग्वालियर से बीना और मंडीबामौरा तक रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाले जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, जीआरपी युवक के दावों की सत्यता जांच रही है। इतनी बड़ी मात्रा में चांदी लेकर सामान्य कोच में सफर करने और बैग गायब होने की परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply