लोकमत सत्याग्रह/ दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध-प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जंतर-मंतर के आसपास 4 किलोमीटर क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं बंद हैं। साथ ही साथ 45 मेट्रो स्टेशन भी बंद हैं।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध-प्रदर्शन से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुग्राम पुलिस ने सुबह यूट्यूबर ध्रुव राठी को हिरासत में ले लिया। दूसरी ओर, प्रदर्शन का आह्वान करने वाले अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंच चुके हैं। उन्होंने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इस विरोध-प्रदर्शन की घोषणा की थी।
जंतर-मंतर पर सुरक्षा का कड़ा पहरा
CJP के इस प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और सुरक्षाबल पूरी तरह अलर्ट पर हैं। जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।
सीजेपी समर्थक हिरासत में लिए गए
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए कनॉट प्लेस के रास्ते आगे बढ़ रहे सीजेपी के कई कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने सभी रेलवे स्टेशनों पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (GRP/RPF) को निर्देश जारी किए हैं कि यात्रियों की सघन चेकिंग और पूछताछ की जाए। स्टेशनों पर यदि कोई भी व्यक्ति प्रदर्शन में शामिल होने के इरादे से आता हुआ पाया जाता है, तो उसे तत्काल हिरासत में लेने के आदेश दिए गए हैं।
चार किमी के दायरे में इंटरनेट पाबंदी
जंतर-मंतर के आसपास 4 किलोमीटर क्षेत्र के साथ-साथ 45 मेट्रो स्टेशनों और आसपास के स्कूल-कॉलेजों के इलाके में इंटरनेट सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
पूरी रात जगह-जगह बैरिकेडिंग कर वाहनों और पैदल चालकों की सघन चेकिंग की गई। सुबह 5:30 बजे सुरक्षाबलों की शिफ्ट बदली गई। दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों को तैनात किया गया है। सभी वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारी (SHO) लगातार गश्त कर रहे हैं।

