लोकमत सत्याग्रह /ग्वालियर शहर में तेज धूप के कारण दोपहर के समय लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।
ग्वालियर। शहर में मंगलवार को तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन गर्मी के सताने में कोई नरमी नहीं आई। सोमवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, जो मंगलवार को 0.7 डिग्री गिरकर 36.5 डिग्री पर आ गया।
इसके बावजूद दिन का तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। तेज धूप के कारण दोपहर के समय लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। गर्मी की वजह से लोगों के कंठ सूखने लगे और दोपहरी में शीतल पेय पदार्थों का सहारा लेने को मजबूर हुए।
सुबह से बढ़ रहा तापमान
सुबह से ही तापमान में बढ़ोतरी का दौर शुरू हो गया था। सुबह 5:30 बजे तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो 8:30 बजे बढ़कर 28.2 डिग्री पहुंच गया। इसके बाद धूप तेज होने के साथ तापमान बढ़ता गया। दोपहर 2:30 बजे तापमान 35.8 डिग्री और शाम 5:30 बजे 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रात के तापमान में भी गर्मी का असर बना रहा। न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। इस कारण रात और सुबह के समय भी अपेक्षित ठंडक महसूस नहीं हुई।
मौसम शुष्क, इसलिए गर्मी दिखा रही असर
पिछले 24 घंटे में वर्षा नहीं हुई। इस कारण से मौसम शुष्क है। सुबह तीन बजे सापेक्ष आर्द्रता 53 प्रतिशत और दोपहर 12 बजे 62 प्रतिशत दर्ज की गई। वर्षा का दौर थमने और धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में कमी सीमित रही।
हालांकि, सोमवार की तुलना में पारा नीचे आया, लेकिन सामान्य से अधिक तापमान के कारण अक्टूबर में भी गर्मी का असर बना हुआ है।

