लोकमतसत्याग्रह/विधानसभा चुनाव में कमलनाथ का फार्मूला फेल होने के बाद कांग्रेस अब कार्यकर्ताओं के मनपसंद प्रत्याशी को लोकसभा चुनाव में मैदान में उतारने की रणनीति बनाई है। प्रदेश के सभी संसदीय क्षेत्रों में प्रदेश नेतृत्व लोकसभा क्षेत्रों से उम्मीदवारी घोषित करने के लिए कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह के साथ प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी व नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ग्वालियर-चंबल अंचल के तीनों संसदीय क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं व लोकसभा समन्वय समिति से चर्चा करने के लिए चार फरवरी को जिले में बैठक लेंगे। इससे पहले ग्वालियर लोकसभा के प्रभारी एवं पूर्व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव भी चर्चा कर चुके हैं। विधानसभा चुनाव में अलग-अलग स्तर पर कराये गये सर्वे के आधार पर प्रदेश की लगभग अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवार घोषित किये थे। गिनती की विधानसभा क्षेत्रों में प्रमुख नेताओं की पसंद को ध्यान में रखा गया था। कमलनाथ का सर्वे के आधार पर टिकिट देने का फार्मूला बुरी तरह से फेल हुआ। कांग्रेस बहुमत के आंकड़े तक पहुंचना तो दूर 100 के आंकड़े को पार नहीं कर पाई। अब कांग्रेस अपने परंपरागत फार्मूले को लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारी तय करने को आधार बनाएगी। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन चर्चा कर उम्मीदवारी तय की जायेगी।
सेंट्रल पार्क में होगी बैठक, कार्यकर्ता सम्मेलन लोटस गार्डन में
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डा. देवेंद्र शर्मा ने बताया कि चार फरवरी को दोनों अंचलों के संसदीय क्षेत्रों के समन्वय समिति की बैठक प्रदेश प्रभारी व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष अलग-अलग बैठक लेंगे। इन बैठकों के उपरांत दोपहर दो बजे सचिन तेंदुलकर मार्ग पर स्थित गोल्डन लोट्स में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। बैठक को तैयारियां शुरू हो गईं हैं।


