कलेक्टर से बोले मंत्री- मैं कोई निर्देश दूं और कोई रोके तो बताया करें

लोकमतसत्याग्रह/ग्वालियर के दक्षिण से विधायक और प्रदेश के खाद्य एवं प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह पिछले दिनों पुलिस व प्रशासन की सुस्ती को लेकर नाराज दिख रहे हैं। यही नाराजगी का अंदाज गुरुवार को ग्वालियर एयरपोर्ट पर दिखा। यहां नई हवाई सेवा के शुभारंभ के बाद मंत्री कुशवाह ने कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह से कहा कि मैं कोई भी निर्देश देता हूं और कोई रूकावट या बाधा आती है तो बताया करें। अधिकारी बताते नहीं है। चाहे भू-माफिया का मामला हो या अन्य हो, निर्देशों को लेकर बताया जाना चाहिए कि क्या हुआ, कोई उसके अमल में बाधा पैदा कर रहा है तो एसडीएम व अन्य अधिकारी अवगत करायें। कुशवाह ने यह बात कलेक्टर से थोड़े नाराज अंदाज में कही जिसपर कलेक्टर ने कहा कि ऐसे मामलों में वे दिखवाएंगे और संबंधित अधिकारी से बात की जाएगी।

बता दें कि मंत्री नारायण सिंह कुशवाह की यह नाराजगी नई नहीं है, पिछले दिनों जब मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ग्वालियर में विकास कार्यों की समीक्षा की बैठक लेने आए थे तब मंत्री कुशवाह ने भी अपनी पीड़ा जाहिर की थी। मंत्री कुशवाह ने साफ तौर पर बैठक में कहा था कि उनके क्षेत्र में जुआ-सटटा व नशे का कारोबार चल रहा है पहले जो चला अब नहीं चलेगा। इस मामले में उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग भी की थी। इस बैठक के बाद प्रशासन की ओर से माननीयों के निर्देंशों पर क्या अमल हुआ इसको लेकर रिपोर्ट भी भेज दी गई है। इसके बाद अब दक्षिण विधानसभा के कई ऐसे मुद्दों को लेकर यह तय है कि पुलिस प्रशासन की सक्रियता को लेकर मंत्री कुशवाह नाराज हैं।

संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी एयरपोर्ट पर उद्यानिकी मंत्री की ओर से यह कहा गया कि कोई भी कार्रवाई के निर्देंश हों और उसमें अगर कोई बाधा आए तो उन्हें अवगत कराया जाना चाहिए। इसको लेकर मेरी ओर से उन्हें आश्वस्त किया गया कि संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी। उनका आशय था कि कोई दवाब अगर आता है तो उन्हें बता दिया जाए जिससे काम में कोई बाधा न आए।

अक्षय कुमार सिंह, कलेक्टर

Leave a Reply